मणिपाल हेल्थ के आईपीओ को पहले दिन 15 प्रतिशत अभिदान
मणिपाल हेल्थ के आईपीओ को पहले दिन 15 प्रतिशत अभिदान
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बुधवार को बोली के पहले दिन 15 प्रतिशत अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 9,275 करोड़ रुपये के आईपीओ में 9,00,88,286 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 1,30,94,050 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
खुदरा निवेशकों के कोटा को 25 प्रतिशत अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 14 प्रतिशत अभिदान मिला। गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को सात प्रतिशत अभिदान प्राप्त हुआ।
मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज ने एंकर निवेशकों से 4,167 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 560-590 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है, जिससे ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन 77,600 करोड़ रुपये से थोड़ा अधिक हो जाता है। कंपनी का आईपीओ 31 जुलाई को बंद होगा।
बेंगलुरु स्थित कंपनी के आईपीओ में 8,000 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों का ताजा निर्गम और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 2.16 करोड़ शेयरों तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।
कंपनी नए शेयरो की बिक्री से प्राप्त 5,378 करोड़ रुपये का उपयोग अपनी अनुषंगी, मणिपाल हॉस्पिटल्स प्राइवेट लिमिटेड के कर्ज के भुगतान या पूर्व-भुगतान के लिए करने का प्रस्ताव रखती है। इसने अनुषंगी की अनुषंगी सह्याद्री हॉस्पिटल्स प्राइवेट लिमिटेड में अल्पांश हिस्सेदारी हासिल करने के लिए 574 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। अन्य राशि सामान्य कंपनी कामकाज पर खर्च की जाएगी।
मणिपाल हेल्थ पूरे भारत में मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पतालों का नेटवर्क चलाती है। कंपनी के शेयरों को पां अगस्त को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


