मैरिको का शुद्ध लाभ जून तिमाही में 27 प्रतिशत बढ़कर 652 करोड़ रुपये पर

Ads

मैरिको का शुद्ध लाभ जून तिमाही में 27 प्रतिशत बढ़कर 652 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 05:15 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 05:15 PM IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) रोजमर्रा के उपभोग का सामान बनाने वाली (एफएमसीजी) कंपनी मैरिको लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में सालाना आधार पर 27 प्रतिशत बढ़कर 652 करोड़ रुपये हो गया।

मैरिको लिमिटेड ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 513 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने मंगलवार को बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 22.85 प्रतिशत बढ़कर 3,957 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,221 करोड़ रुपये थी।

सफोला, पैराशूट और लिवॉन जैसे ब्रांड की मालिक इस कंपनी ने कहा कि जून तिमाही में उसका प्रदर्शन सभी मोर्चों पर मजबूत रहा तथा भारत में कारोबार ने कई तिमाहियों के उच्चतम स्तर की बिक्री मात्रा वृद्धि दर्ज की।

कंपनी का कुल खर्च चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 22.66 प्रतिशत बढ़कर 3,215 करोड़ रुपये हो गया।

घरेलू बाजार से मैरिको की आय समीक्षाधीन तिमाही में 21 प्रतिशत बढ़कर 3,003 करोड़ रुपये रही।

वहीं, अंतरराष्ट्रीय कारोबार से कंपनी की आय 29.26 प्रतिशत बढ़कर 954 करोड़ रुपये हो गई।

कंपनी की कुल आय 22.21 प्रतिशत बढ़कर 4,005 करोड़ रुपये रही।

भाषा यासिर अजय

अजय