सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से आठ कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1.81 लाख करोड़ रुपये बढ़ा

Ads

सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से आठ कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 1.81 लाख करोड़ रुपये बढ़ा

  •  
  • Publish Date - July 10, 2022 / 10:18 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:15 PM IST

नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से आठ कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह 1,81,209.89 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक लाभ में हिंदुस्तान यूनिलीवर रही। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,573.91 अंक या 2.97 प्रतिशत चढ़ गया।

शीर्ष 10 कंपनियों में सिर्फ रिलायंस इंडस्ट्रीज और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के बाजार मूल्यांकन में ही गिरावट आई।

समीक्षाधीन सप्ताह में हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) का बाजार पूंजीकरण 50,058.05 करोड़ रुपये बढ़कर 5,86,422.74 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

आईसीआईसीआई बैंक का बाजार मूल्यांकन 35,956.8 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 5,25,656.96 करोड़ रुपये रहा।

एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 23,940.12 करोड़ रुपये बढ़कर 7,75,832.15 करोड़ रुपये और जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की 19,797.24 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 4,47,841.46 करोड़ रुपये रही।

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की बाजार हैसियत 19,232.55 करोड़ रुपये बढ़कर 4,35,922.66 करोड़ रुपये पर और इन्फोसिस की 15,126.4 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 6,37,033.78 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।

भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन 12,000.08 करोड़ रुपये बढ़कर 3,81,833.20 करोड़ रुपये पर और एचडीएफसी का 5,098.65 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 4,06,213.61 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

इस रुख के उलट टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 18,770.93 करोड़ रुपये घटकर 11,94,625.39 करोड़ रुपये पर आ गया। देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर निर्यातक टीसीएस का जून तिमाही का मुनाफा 5.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 9,478 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी के नतीजों की घोषणा शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद हुई थी।

रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत भी 11,805.14 करोड़ रुपये घटकर 16,17,879.36 करोड़ रुपये रह गई।

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, एलआईसी, एसबीआई, एचडीएफसी और भारती एयरटेल का स्थान रहा।

भाषा अजय

अजय

अजय