प्रेस्टीज एस्टेट्स चालू वित्त वर्ष में दिल्ली-एनसीआर में दो आवासीय परियोजनाएं पेश करेगी

Ads

प्रेस्टीज एस्टेट्स चालू वित्त वर्ष में दिल्ली-एनसीआर में दो आवासीय परियोजनाएं पेश करेगी

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 02:35 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 02:35 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) रियल एस्टेट क्षेत्र की कंपनी प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष में दिल्ली-एनसीआर में दो नई आवासीय परियोजनाएं पेश करने की योजना बनाई है, जिनसे लगभग 7,000 करोड़ रुपये के राजस्व की संभावना है। यह कंपनी की विस्तार रणनीति का हिस्सा है।

बेंगलुरु स्थित प्रेस्टीज ग्रुप ने पिछले वर्ष अप्रैल में दिल्ली-एनसीआर में अपनी पहली आवासीय परियोजना पेश की थी, जिससे लगभग 12,000 करोड़ रुपये का राजस्व संभावित था।

प्रेस्टीज एस्टेट्स के चेयरमैन इरफान रजाक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, “हम दिल्ली-एनसीआर बाजार को लेकर काफी उत्साहित हैं। पिछले वित्त वर्ष में एनसीआर बाजार से हमारी बिक्री बुकिंग लगभग 10,000 करोड़ रुपये रही।”

उन्होंने बताया कि कंपनी चालू वित्त वर्ष में एनसीआर में दो नई परियोजनाएं पेश करेगी, जिनमें एक नोएडा और एक गुरुग्राम में होगी।

कंपनी की नवीनतम निवेशक प्रस्तुति के अनुसार, इन दोनों परियोजनाओं का कुल विकास योग्य क्षेत्र लगभग 80 लाख वर्ग फुट होगा और इनसे लगभग 6,800 करोड़ रुपये के राजस्व की संभावना है।

रजाक ने कहा कि कंपनी के पास चालू वित्त वर्ष में विभिन्न शहरों में लगभग 58,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को पेश करने की योजना है, हालांकि अंतिम संख्या सरकारी मंजूरियों पर निर्भर करेगी।

उन्होंने परियोजनाओं की तेजी से मंजूरी की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे रोजगार सृजन होता है और अर्थव्यवस्था को लाभ मिलता है।

भाषा योगेश अजय

अजय