मारुति सुजुकी ने रोहतक आईटीआई में विनिर्माण प्रयोगशाला स्थापित की

मारुति सुजुकी ने रोहतक आईटीआई में विनिर्माण प्रयोगशाला स्थापित की

मारुति सुजुकी ने रोहतक आईटीआई में विनिर्माण प्रयोगशाला स्थापित की
Modified Date: May 26, 2026 / 01:40 pm IST
Published Date: May 26, 2026 1:40 pm IST

नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) अग्रणी वाहन विनिर्माता मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) ने सरकार के कौशल विकास मिशन के तहत हरियाणा के रोहतक में अत्याधुनिक विनिर्माण प्रयोगशाला स्थापित की है।

कंपनी ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि रोहतक स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हसनगढ़ में स्थापित इस विनिर्माण प्रयोगशाला में पहले वर्ष में लगभग 200 छात्रों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कंपनी ने कहा कि यह पहल उसके कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत की गई है। यह पहल शिक्षा और वाहन उद्योग की तेजी से बदलती जरूरतों के बीच के अंतर को कम करने के लिए शुरू की गई है।

इस प्रयोगशाला में छात्रों को वाहन असेंबली, वेल्डिंग और रंगाई जैसे कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मारुति सुजुकी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (कॉरपोरेट मामले) राहुल भारती ने कहा, ‘इस प्रयोगशाला में आधुनिक मशीनों और कार्यस्थल जैसे वातावरण का उपयोग किया जाएगा। कौशल विकास मिशन के अनुरूप यह पहल छात्रों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार होने और बदलते वाहन परिवेश के लिए प्रतिभा को निखारती है।’’

मारुति सुजुकी देशभर में 31 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को सहयोग दे रही है और अब तक 18 ऐसी विनिर्माण प्रयोगशालाएं स्थापित कर चुकी है।

भाषा

रमण प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में