नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) देश की अग्रणी वाहन विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने मंगलवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत से निर्यात किए गए शीर्ष तीन यात्री वाहन मॉडल उसके ही हैं।
कंपनी ने बयान में कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में भारत के यात्री वाहन निर्यात में कंपनी की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत से अधिक रही। उसके ‘फ्रॉन्क्स’ मॉडल ने 38 महीने से भी कम समय में दो लाख निर्यात का आंकड़ा पार कर लिया है।
मारुति सुजुकी इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिसाशी ताकेउची ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत से निर्यात किए गए शीर्ष तीन यात्री वाहन मॉडल मारुति सुजुकी के थे। निर्यात पर निरंतर ध्यान देने से कंपनी यात्री वाहन निर्यात के मामले में भारत में पहले स्थान पर पहुंची है।’’
कंपनी के अनुसार, जून तिमाही में भारत से सबसे अधिक निर्यात किए गए यात्री वाहन मॉडल में फ्रॉन्क्स, जिम्नी (5 डोर) और ई-विटारा क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
इसके अलावा, मारुति सुजुकी के छह मॉडल भारत से निर्यात किए गए शीर्ष आठ मॉडल में शामिल हैं।
वाहन उद्योग के मुताबिक, हुंदै का ग्रैंड आई10 मॉडल निर्यात के मामले में चौथे स्थान पर रहा जबकि निसान का मैग्नाइट मॉडल सातवें स्थान पर रहा।
फ्रॉन्क्स के दो लाख निर्यात का आंकड़ा पार करने पर ताकेउची ने कहा कि यह मॉडल कंपनी के निर्यात कारोबार की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 से फ्रॉन्क्स भारत से सबसे अधिक निर्यात किया जाने वाला यात्री वाहन रहा है और अब इसे करीब 90 देशों में भेजा जा रहा है।
वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल-जून अवधि में भारत से कुल यात्री वाहन निर्यात 2,22,392 इकाई रहा, जो एक साल पहले की समान अवधि के 2,04,330 इकाई से 8.8 प्रतिशत अधिक है।
इस दौरान मारुति सुजुकी इंडिया का निर्यात 28.23 प्रतिशत बढ़कर 1,23,330 इकाई रहा, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 96,181 इकाई था।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय