नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) मैक्स हेल्थकेयर इंस्टिट्यूट लिमिटेड ने हॉस्पिटल कॉरपोरेशन ऑफ ओडिशा इंक. से कलिंगा हॉस्पिटल लिमिटेड (केएचएल) में 58.4 प्रतिशत नियंत्रक हिस्सेदारी खरीदने के लिए शेयर खरीद समझौता किया है। इस सौदे का इक्विटी मूल्य 300 करोड़ रुपये है।
इस अधिग्रहण के साथ मैक्स हेल्थकेयर इंस्टिट्यूट ओडिशा के भुवनेश्वर में उतर जाएगी।
कलिंगा अस्पताल की स्थापना 1997 से की गई थी। यह 250 बिस्तर वाला एनएबीएच मान्यता प्राप्त अस्पताल है। भुवनेश्वर के मैत्री विहार में 10 एकड़ भूमि पर फैले अस्पताल का निर्मित क्षेत्र करीब 2.60 लाख वर्ग फुट है।
कंपनी के अनुसार, इस परिसर में दीर्घकाल में क्षमता और सेवाओं के विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं हैं और यहां 1,000 से अधिक बिस्तर तक विस्तार किया जा सकता है।
मैक्स हेल्थकेयर इंस्टिट्यूट के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अभय सोई ने कहा, ‘‘ यह अधिग्रहण हमें अपनी उपस्थिति मजबूत करने और तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सक्षम बनाएगा।’’
कंपनी ने कहा कि यह लेन-देन शेयर खरीद समझौते में निर्धारित पूर्व शर्तों के पूरा होने के बाद संपन्न होगा।
भाषा निहारिका अजय
अजय