न्यूयॉर्क, 24 फरवरी (एपी) फेसबुक की मूल कंपनी ‘मेटा प्लेटफॉर्म्स’ ने एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेस (एएमडी) से कृत्रिम मेधा (एआई) चिप खरीदने का समझौता किया है।
इस समझौते के तहत मेटा को इस चिप विनिर्माता कंपनी में 10 प्रतिशत तक की हिस्सेदारी खरीदने का विकल्प भी मिलेगा।
मेटा अपने डेटा केंद्रों की क्षमता बढ़ाने के लिए एएमडी की नवीनतम चिप ‘एमआई450’ खरीदेगी।
इस समझौते के तहत चिप की पहली खेप इस साल की दूसरी छमाही में आने की उम्मीद है।
यह पूरा समझौता 100 अरब डॉलर से अधिक का हो सकता है।
इस खबर के बाद मंगलवार को बाजार खुलने से पहले एएमडी के शेयरों में नौ प्रतिशत से अधिक का उछाल देखा गया।
समझौते के अनुसार, एएमडी ने मेटा को प्रदर्शन के आधार पर 16 करोड़ शेयरों का वॉरंट जारी किया है, जिनकी कीमत प्रति शेयर 0.01 डॉलर रखी गई है। ये शेयर मेटा को कुछ निश्चित लक्ष्य पूरे होने पर मिलेंगे। शेयरों का पहला हिस्सा 1-गीगावाट की पहली खेप मिलने पर जारी होगा, और जैसे-जैसे मेटा की खरीद छह-गीगावाट तक पहुंचेगी, बाकी शेयर भी जारी किए जाएंगे।
एएमडी के साथ यह सौदा मेटा द्वारा एनवीडिया के साथ की गई दीर्घकालिक साझेदारी के कुछ ही दिन बाद हुआ है।
मेटा ने एनवीडिया से भी अपने एआई डेटा केंद्रों के लिए लाखों चिप और अन्य उपकरण लेने की घोषणा की थी। एएमडी अब एआई क्षेत्र में एनवीडिया के साथ मुकाबला करने की कोशिश कर रही है।
भाषा योगेश अजय
अजय