ईएसआईसी ने 40 वर्ष से अधिक उम्र के सदस्यों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच योजना शुरू की

Ads

ईएसआईसी ने 40 वर्ष से अधिक उम्र के सदस्यों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच योजना शुरू की

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 09:41 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 09:41 PM IST

नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने मंगलवार को 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के अपने एक करोड़ से अधिक सदस्यों के लिए निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच योजना शुरू की।

पिछले वर्ष नवंबर में अधिसूचित नई श्रम संहिताओं के तहत 40 वर्ष से अधिक आयु के कामगारों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच कराना नियोक्ताओं के लिए अनिवार्य किया गया है।

अपनी स्थापना की 75वीं वर्षगांठ पर ईएसआईसी ने 40 साल से अधिक उम्र वाले अपने सदस्यों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच की पहल शुरू की।

ईएसआईसी की स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे में करीब 3.8 करोड़ सदस्य हैं जिनमें से करीब एक करोड़ सदस्यों की उम्र 40 साल से अधिक है।

श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने श्रमिकों के लिए निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच सुविधा शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि यह कदम कामगारों के कल्याण को मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि ईएसआईसी को ‘सुधार एवं प्रदर्शन’ का दृष्टिकोण अपनाते हुए सेवा वितरण में और सुधार के लिए सामूहिक संकल्प लेने चाहिए।

मांडविया ने ईएसआईसी के अस्पतालों में दवाओं, उपकरणों और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने के मामले कम रखने के लिए आंतरिक सुविधाएं बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा ईएसआईसी को अपने मानकों को एम्स जैसे शीर्ष संस्थानों के स्तर तक ले जाने का लक्ष्य रखना चाहिए।

फिलहाल ईएसआईसी के पास 166 अस्पताल, 17 मेडिकल कॉलेज और लगभग 1,600 डिस्पेंसरी का नेटवर्क है।

ईएसआईसी के प्लैटिनम जुबली वर्ष पर 75 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया गया और संस्था की विरासत एवं परिवर्तनकारी पहल को दर्शाने वाली कॉफी टेबल बुक भी प्रकाशित की गई।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय