नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि जैसे ही अमेरिका में शुल्क के मोर्चे पर स्थिति और स्पष्ट होगी, भारत व्यापार वार्ता फिर से शुरू करेगा।
अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता दोबारा शुरू होने की समयसीमा के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘जैसे ही स्थिति में अधिक स्पष्टता आएगी, हम बातचीत शुरू करेंगे।’’
उल्लेखनीय है कि भारत और अमेरिका ने 22 फरवरी को अपने मुख्य वार्ताकारों की प्रस्तावित बैठक को स्थगित करने का निर्णय लिया था।
यह बैठक इस सप्ताह वाशिंगटन में होनी थी, जिसमें अंतरिम व्यापार समझौते के मसौदे को अंतिम रूप दिया जाना था।
पड़ोसी देशों, विशेषकर चीन से निवेश आकर्षित करने के लिए ‘प्रेस नोट 3’ के तहत लगाए गए प्रतिबंधों में ढील देने के सवाल पर गोयल ने कहा कि मंत्रालय इस मुद्दे पर उद्योग जगत के साथ बातचीत कर रहा है।
उन्होंने संकेत दिया कि सरकार उन पड़ोसी देशों के साथ व्यापारिक जुड़ाव को आसान बना सकती है, जिनके साथ संबंधों में अब सुधार हुआ है।
गोयल ने ‘बिजनेस स्टैंडर्ड मंथन’ कार्यक्रम में कहा, ‘प्रेस नोट 3 को भारतीय उद्योगों और व्यवसायों को अवसरवादी अधिग्रहण से बचाने के लिए लाया गया था। विशेष रूप से महामारी के दौरान, जब कंपनियों के मूल्यांकन पर बुरा असर पड़ा था। उभरती परिस्थितियों और बदलते समय के साथ हमारी सरकार सुझाव सुनने और नए विचारों को अपनाने के लिए हमेशा तैयार है।’
गोयल ने कहा कि भारत और कनाडा के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए वार्ता शुरू करने हेतु संदर्भ की शर्तों (टीओआर) को इस सप्ताह के अंत तक अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 26 फरवरी को भारत पहुंचेंगे।
उनकी यात्रा के संदर्भ में गोयल ने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि हम इस सप्ताह के अंत तक संदर्भ की शर्तों (टीओआर) को अंतिम रूप दे देंगे और कनाडा के साथ एफटीए वार्ता औपचारिक रूप से शुरू कर देंगे।’
भाषा योगेश अजय
अजय