पश्चिम एशिया संकट: इजराइल, खाड़ी सहयोग परिषद के साथ एफटीए पर बातचीत फिलहाल ठप

पश्चिम एशिया संकट: इजराइल, खाड़ी सहयोग परिषद के साथ एफटीए पर बातचीत फिलहाल ठप

पश्चिम एशिया संकट: इजराइल, खाड़ी सहयोग परिषद के साथ एफटीए पर बातचीत फिलहाल ठप
Modified Date: June 29, 2026 / 10:31 pm IST
Published Date: June 29, 2026 10:31 pm IST

नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण इजराइल और छह सदस्यीय खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के साथ भारत के मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत अभी कुछ समय के लिए रुकी हुई है।

हालांकि, उन्होंने कहा कि चिली, मेक्सिको, दक्षिण अफ्रीका के नेतृत्व वाले एसएसीयू समूह, रूस के नेतृत्व वाले यूरेशिया ब्लॉक और मर्कोसुर के साथ व्यापार समझौते के लिए बातचीत जारी है।

उन्होंने एथेंस में इंडिया-यूनान व्यापार मंच में अपने संबोधन में कहा कि कनाडा के साथ बातचीत ‘काफी आगे’ बढ़ चुकी है।

मंत्री अभी सरकारी यात्रा पर एथेंस में हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अभी बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, इजराइल और छह देशों वाले जीसीसी ब्लॉक के साथ बातचीत कुछ समय के लिए रुकी हुई है, लेकिन चिली, मेक्सिको, एसएसीयू (दक्षिण अफ्रीका सीमा शुल्क संघ), यूरेशिया ब्लॉक और मर्कोसुर (दक्षिणी साझा बाजार) के साथ विस्तारित पीटीए (तरजीही व्यापार समझौते) पर सक्रिय रूप से बातचीत जारी है।’’

मर्कोसुर ब्लॉक के सदस्य देश ब्राजील, अर्जेंटीना, उरुग्वे और पैराग्वे हैं। यूरेशियाई आर्थिक संघ (ईएईयू) में रूस, आर्मेनिया, बेलारूस, कजाकिस्तान और किर्गिस्तान शामिल हैं।

एसएसीयू के सदस्य देश दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया, बोत्सवाना, लेसोथो और एस्वातिनी हैं। जीसीसी खाड़ी क्षेत्र के छह देशों का एक संघ है। इसके सदस्य देश सऊदी अरब, यूएई, कतर, कुवैत, ओमान और बहरीन हैं।

गोयल ने कहा कि भारत ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में नौ एफटीए को अंतिम रूप दिया है। इन समझौतों में ब्रिटेन, यूरोपीय संघ, ईएफटीए, मॉरीशस, यूएई, ओमान, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड सहित 38 विकसित देश शामिल हैं।

इससे पहले, एक अधिकारी ने बताया था कि 24 फरवरी को भारत और इजराइल ने व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुक्त व्यापार समझौते के लिए बातचीत का पहला दौर शुरू किया था।

उसी दिन, भारत और जीसीसी ने औपचारिक रूप से व्यापार समझौते के लिए बातचीत शुरू करने की घोषणा की थी।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में