शारीरिक श्रम, अर्ध-कुशल नौकरियों के लिए अधिक महिलाएं, युवा कर रहे पलायन: रिपोर्ट
शारीरिक श्रम, अर्ध-कुशल नौकरियों के लिए अधिक महिलाएं, युवा कर रहे पलायन: रिपोर्ट
मुंबई, 17 मई (भाषा) देश में शारीरिक श्रम करने वाले और अर्ध-कुशल सेवा कार्यों में लगे कर्मचारियों में अधिक महिलाएं और पहली बार नौकरी तलाश रहे युवा बेहतर रोजगार और अधिक वेतन के लिए अपने गृह नगरों से बाहर जा रहे हैं, जिससे जनवरी-अप्रैल, 2026 के दौरान नौकरी संबंधी पलायन में 31.4 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई है। एक रिपोर्ट में यह बात कही गई।
नौकरी के बारे में सूचना देने वाले मंच वर्कइंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, देश के श्रम बाजार में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखा जा रहा है, जिसमें अधिक महिलाएं, फ्रेशर और विभिन्न क्षेत्रों के कामगार बेहतर अवसरों की तलाश में अपने शहर से बाहर नौकरी के लिए आवेदन कर रहे हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी-अप्रैल, 2026 के दौरान अन्य शहरों के लिए 86 लाख नौकरी आवेदन किए गए, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 65 लाख थी। यह 31.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
यह उसी शहर में किए गए आवेदनों की 20.2 प्रतिशत वृद्धि से काफी अधिक है, जिससे स्पष्ट होता है कि दूसरे शहरों में नौकरी तलाशने वाले कामगारों की संख्या स्थानीय स्तर पर नौकरी तलाशने वालों की तुलना में 1.5 गुना तेजी से बढ़ रही है।
इसके परिणामस्वरूप, मंच पर लगभग 24.1 प्रतिशत कामगार अब अपने गृह नगर से बाहर नौकरी के अवसर तलाश रहे हैं, जबकि एक वर्ष पहले यह आंकड़ा 22.5 प्रतिशत था।
रिपोर्ट 3.5 करोड़ से अधिक नौकरी आवेदनों के विश्लेषण पर आधारित है।
भाषा अजय योगेश
अजय

Facebook


