नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) पश्चिम एशिया में युद्धविराम समाप्ति की समयसीमा नजदीक आने के बीच सटोरियों द्वारा घबराहटपूर्ण बिकवाली का माहौल बनाये जाने के कारण देश के तेल-तिलहन बाजार में शनिवार को सरसों एवं मूंगफली तेल-तिलहन, सोयाबीन तेल, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल के दाम गिरावट के साथ बंद हुए। महाराष्ट्र में सरकार की ओर से 5,328 रुपये क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से अधिक दाम पर सोयाबीन तिलहन की बिकवाली करने के कारण सोयाबीन तिलहन में मजबूती का रुख दिखा।
बाजार सूत्रों ने बताया कि सुबह के कारोबार में सटोरिये बाजार में सक्रिय नजर आये और उनके प्रयासों के कारण बाजार में घबराहटपूर्ण बिकवाली को हवा मिली। इस घबराहटपूर्ण बिकवाली के कारण सरसों एवं मूंगफली तेल-तिलहन, सोयाबीन तेल, पाम-पामोलीन और बिनौला तेल के दाम में गिरावट आई। वहीं महाराष्ट्र में सरकार ने 5,328 रुपये क्विंटल के एमएसपी वाले सोयाबीन की बिक्री 5,850 रुपये क्विंटल के भाव पर किया जिससे सोयाबीन तिलहन में सुधार देखा गया।
उन्होंने बताया कि सुबह के कारोबार में सटोरियों ने सरसों के दाम करीब 150 रुपये घटा दिये लेकिन जब किसानों की ओर से नीचे दाम पर बिकवाली नहीं की गई तो शाम तक उन्होंने सरसों के दाम 100 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा दिये। इस घट-बढ़ के बीच सरसों तेल-तिलहन में भी गिरावट दिखी।
सूत्रों ने कहा कि आम तौर पर शनिवार को कामकाज सुस्त रहता है क्योंकि अधिकांश बहुराष्ट्रीय कंपनियां बंद रहती हैं। कारोबार के असल रुख का पता सोमवार को मिलेगा।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन – 6,825-6,850 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली – 6,900-7,375 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 16,500 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,610-2,910 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 14,150 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,370-2,470 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,370-2,515 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,725 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,425 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,500 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 12,950 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 14,900 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,100 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 13,850 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना – 5,825-5,875 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 5,475-5,550 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश पाण्डेय
पाण्डेय