नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) वैश्विक प्रौद्योगिकी शिक्षा मंच एमएसएम यूनिफाई ने मंगलवार को अपने भारतीय कैंपस व्यवसाय का विस्तार करने के लिए 1.2 करोड़ डॉलर (लगभग 100 करोड़ रुपये) के निवेश की घोषणा की।
कंपनी ने देश में 50,000 छात्रों के नामांकन और 1,000 कॉलेजों के साथ साझेदारी का लक्ष्य रखा है। कंपनी ने पहले ही देशभर के 1,500 से अधिक संस्थानों तक अपनी पहुंच बनाना शुरू कर दिया है।
एमएसएम यूनिफाई ने अगले दो वर्षों में 200 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य तय किया है, जो भारतीय उच्च शिक्षा परिवेश के प्रति इसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह निवेश एमएसएम यूनिफाई के भारत विस्तार में एक मील का पत्थर है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस पहल से भारतीय छात्रों को उनकी आकांक्षाओं और बजट के अनुकूल घरेलू शैक्षणिक अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
एमएसएम यूनिफाई के संस्थापक संजय लाल ने कहा, ”भारत शिक्षा परिवेश के भीतर एक महत्वपूर्ण और काफी हद तक अनछुए अवसर की पेशकश करता है। यह निवेश भारतीय छात्रों के लिए एक वृद्धिशील और भविष्य के लिए तैयार मंच बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को मजबूत करता है। हम एक मजबूत संस्थागत परिवेश विकसित करना चाहते हैं, जो छात्रों को घरेलू शैक्षणिक अवसरों से जोड़ता है और कॉलेजों तथा विश्वविद्यालयों की अपनी पहुंच और प्रभाव बढ़ाने में मदद करता है।”
एमएसएम यूनिफाई ने रोहित कुमार को इंडिया कैंपस व्यवसाय के संस्थापक सदस्य और चेयरमैन के रूप में नियुक्त किया है। दूरसंचार, आईटी और शिक्षा प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में 24 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले कुमार संस्थागत साझेदारी, कैंपस जुड़ाव और घरेलू वृद्धि की पूरी जिम्मेदारी के साथ भारतीय व्यवसाय की देखरेख करेंगे।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण