स्टॉकिस्टों की बिकवाली से सरसों तेल-तिलहन में गिरावट
स्टॉकिस्टों की बिकवाली से सरसों तेल-तिलहन में गिरावट
नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) ऊंचे दाम की वजह से मांग कमजोर रहने के बीच राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को स्टॉकिस्टों की बिकवाली के कारण सरसों तेल-तिलहन के दाम में गिरावट आई।
हल्के कामकाज के बीच कारोबारी माहौल प्रभावित रहने से बिनौला तेल के दाम में भी गिरावट देखी गई। वहीं बिनौला तेल की कम उपलब्धता के कारण मूंगफली तेल-तिलहन, बृहस्पतिवार रात शिकागो एक्सचेंज मजबूत रहने से सोयाबीन तेल तथा मलेशिया एक्सचेंज के मजबूत होने से पाम-पामोलीन तेल के दाम में सुधार रहा। नीचे दाम की वजह से कम आवक के बीच सोयाबीन तिलहन के भाव स्थिर रहे।
मलेशिया एक्सचेंज दोपहर 3.30 बजे लगभग पौने दो प्रतिशत (1.70 प्रतिशत) मजबूत बंद हुआ। जबकि शिकॉगो एक्सचेंज कल रात सुधार के साथ बंद हुआ था और आज यहां बंद है।
बाजार सूत्रों ने कहा कि ऊंचा दाम होने की वजह से सरसों तेल की मांग और कमजोर है। वैसे बाकी खाद्यतेलों की भी मांग काफी कमजोर है। कम लिवाली के बीच सरसों तेल के स्टॉकिस्टों की बिकवाली की वजह से सरसों तेल-तिलहन में गिरावट देखी गई। बेहद कमजोर कामकाज के बीच बिनौला तेल में भी गिरावट देखी गई। वैसे बिनौला तेल का स्टॉक बहुत कम है, इस कारण कारोबार भी काफी धीमा है।
सूत्रों ने कहा कि बिनौला तेल की कम उपलब्धता के कारण मूंगफली तेल-तिलहन की मांग बढ़ी है जिससे मूंगफली तेल-तिलहन में सुधार आया। बृहस्पतिवार रात शिकागो एक्सचेंज मजबूत बंद हुआ था और आज मलेशिया एक्सचेंज मजबूत रहा जिससे सोयाबीन तेल के दाम मजबूत रहे। मलेशिया एक्सचेंज मजबूत रहने से पाम-पामोलीन में भी सुधार रहा।
सूत्रों ने कहा कि कमजोर दाम पर बाजार में किसानों की कम बिकवाली से सोयाबीन तिलहन के दाम स्थिर रहे।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन – 7,550-7,575 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली – 6,625-7,200 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 15,550 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,480-2,780 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 15,450 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,555-2,655 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,555-2,700 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,425 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,375 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 11,925 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 13,575 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 15,500 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,525 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 14,325 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना – 6,950-7,000 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 6,800-6,875 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण

Facebook


