मार्च, 2029 तक नवीनगर एनटीपीसी संयंत्र की क्षमता बढ़कर 4,360 मेगावाट होगी : अधिकारी

Ads

मार्च, 2029 तक नवीनगर एनटीपीसी संयंत्र की क्षमता बढ़कर 4,360 मेगावाट होगी : अधिकारी

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 09:11 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 09:11 PM IST

औरंगाबाद, 19 मई (भाषा) बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर में एनटीपीसी के संयंत्र की कुल स्थापित क्षमता मार्च, 2029 तक बढ़कर 4,360 मेगावाट हो जाएगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एनटीपीसी नवीनगर फिलहाल दूसरे चरण (स्टेज-दो) के तहत बड़े विस्तार कार्य में जुटी है, जिसके अंतर्गत 800-800 मेगावाट की तीन इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है।

परियोजना प्रमुख एल. के. बेहरा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘चरण-दो विस्तार कार्य पूरा होने के बाद संयंत्र की कुल स्थापित क्षमता बढ़कर 4,360 मेगावाट हो जाएगी, जिससे एनटीपीसी नवीनगर देश के प्रमुख ताप विद्युत स्टेशनों में शामिल हो जाएगी। इस विस्तार से बिहार को अतिरिक्त 1,500 मेगावाट बिजली मिलने की भी उम्मीद है। यूनिट-4 से बिजली उत्पादन मार्च, 2029 तक शुरू करने का लक्ष्य है।’’

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परियोजना की आधारशिला रखे जाने के बाद से निर्माण गतिविधियां लगातार और तेज गति से आगे बढ़ रही हैं।

बेहरा ने कहा कि विस्तार परियोजना से बिहार को अतिरिक्त 1,500 मेगावाट बिजली उपलब्ध होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि नई इकाइयों में पानी की खपत को काफी कम करने के लिए ‘एयर कूल्ड कंडेंसर’ प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘नई इकाइयां अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल प्रौद्योगिकी पर आधारित होंगी, जिससे उच्च तापमान और उच्च दबाव प्रणाली के जरिये तापीय दक्षता बढ़ेगी।’’

बेहरा ने कहा कि बिजली उत्पादन के अलावा एनटीपीसी नवीनगर अपनी कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) और सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के तहत आसपास के 22 से अधिक गांवों में विकास गतिविधियां चला रही है।

उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना विकास और कौशल संवर्धन से जुड़ी पहल की गई हैं, जिससे क्षेत्र में ग्रामीण परिवर्तन को बढ़ावा मिला है।

सं भाषा कैलाश जोहेब अजय

अजय