(New Wage Code Rules/ Image Credit: IBC24 News)
नई दिल्ली: New Wage Code Rules in India: नए वेज कोड के अनुसार, अगर कोई कर्मचारी निर्धारित काम के घंटों से ज्यादा काम करता है तो उसे डबल सैलरी दी जाएगी। इसका मतलब है कि हर अतिरिक्त घंटे के काम पर दो घंटे के बराबर भुगतान मिलेगा। यह नियम खासकर उन कर्मचारियों के लिए राहत लेकर आया है, जो लंबे समय तक शिफ्ट में काम करते हैं।
वेज कोड में यह भी तय किया गया है कि एक सप्ताह में अधिकतम काम के घंटे 48 से ज्यादा नहीं होंगे। इसके बाद किया गया कोई भी काम ओवरटाइम माना जाएगा। कंपनियों को शिफ्ट तय करने की छूट दी गई है। जिसमें ब्रेक सहित 12 घंटे तक की शिफ्ट हो सकती है। लेकिन साप्ताहिक सीमा का पालन जरूरी है।
नए नियमों की सबसे खास बात यह है कि अब छोटे समय के अतिरिक्त काम को भी गिना जाएगा। अगर कोई कर्मचारी 15 से 30 मिनट अतिरिक्त काम करता है तो उसे 30 मिनट का ओवरटाइम माना जाएगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि काम खत्म होने के बाद रुकने वाले कर्मचारियों को भी पूरा फायदा मिल सके।
नए वेज कोड के तहत बेसिक सैलरी अब कुल वेतन का कम से कम 50% होगी। इससे कर्मचारियों का पीएफ और ग्रेच्युटी योगदान बढ़ जाएगा। हालांकि, इससे टेक-होम सैलरी थोड़ी कम हो सकती है। लेकिन रिटायरमेंट के समय मिलने वाला फंड पहले से बेहतर होगा, जो कर्मचारियों के भविष्य को मजबूत बनाएगा।
नए नियमों में यह भी तय किया गया है कि ओवरटाइम और वेतन का पूरा रिकॉर्ड रखना अनिवार्य होगा। अगर कोई कर्मचारी नौकरी छोड़ता है या निकाला जाता है तो कंपनी को तुरंत सभी बकाया भुगतान करना होगा। इसका मकसद कर्मचारियों को समय पर उनका पूरा पैसा दिलाना और विवाद कम करना है।
इस बदलाव से सबसे ज्यादा फायदा ब्लू-कॉलर कर्मचारियों को होगा। क्योंकि उनके ओवरटाइम का सीधा और दोगुना भुगतान मिलेगा। व्हाइट-कॉलर कर्मचारियों पर इसका असर सीमित रहेगा। लेकिन उनकी रिटायरमेंट सेविंग्स जरूर बढ़ेंगी। हालांकि, इन नियमों का पूरा असर राज्यों द्वारा लागू करने पर निर्भर करेगा।