वाराणसी, 10 सितंबर (भाषा) वाराणसी से मुंबई जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में बृहस्पतिवार को उस समय करीब साढ़े तीन घंटे की देरी हो गई, जब पायलट ने अचानक तबीयत खराब होने की सूचना दी। एयरलाइन के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।
सूत्र ने बताया कि इसके बाद विमानन कंपनी ने वैकल्पिक व्यवस्था की।
सूत्र के मुताबिक उड़ान संख्या 6ई-6544 को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मुंबई के लिए रवाना होना था।
हवाई अड्डे के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि तकनीकी कारणों से उड़ान में साढ़े तीन घंटे की देरी हुई और बाद में इसे मुंबई के लिए रवाना किया गया। उन्होंने यात्रियों द्वारा हवाई अड्डे पर हंगामा किए जाने की खबरों से इनकार किया।
हालांकि, एयरलाइन सूत्रों ने बताया कि उड़ान में देरी उस समय हुई जब इसके लिए निर्धारित पायलट ने अचानक बीमार हो जाने की सूचना दी।
एयरलाइन के एक सूत्र ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘इसके बाद हमें वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी और एक अन्य पायलट को बुलाया गया, जिसने बाद में उड़ान संचालित की।’
एयरलाइन सूत्रों ने कहा, ‘बीमार पायलट की जगह लेने वाला पायलट अहमदाबाद से आया था, क्योंकि वाराणसी हमारा बेस स्टेशन नहीं है। उड़ान में 3.5 घंटे की देरी हुई।’
सूत्र ने कहा, ‘वैकल्पिक व्यवस्था करने में समय लगा, जिसके कारण कुछ देरी हुई। यात्रियों को देरी के कारणों की जानकारी दी गई और उन्हें जलपान भी उपलब्ध कराया गया।’
वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने के बाद विमान अंततः मुंबई के लिए रवाना हो गया।
भाषा
सं, मनीष, जफर राजकुमार
राजकुमार