अमेठी, 18 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के एक गांव में मंगलवार को मकान की खुदाई के दौरान तांबे के 29 बड़े गोले मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मुसाफिरखाना क्षेत्र के भनौली गांव स्थित मकान से मिले सभी गोलों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गयी है।
पुलिस के मुताबिक, भनौली गांव निवासी मोहम्मद इकबाल मंगलवार को मकान निर्माण के लिए नींव की खुदाई करा रहे थे और इसी दौरान जमीन के अंदर धातु के बड़े गोले दिखाई दिए।
उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
एक अधिकारी ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी गोलों को अपने कब्जे में ले लिया।
मुसाफिरखाना थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि कुल 29 गोले बरामद हुए हैं और प्रथम दृष्टया ये गोले तांबे के प्रतीत हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सभी गोलों को उपजिलाधिकारी की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है और मामले की जांच के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को भी सूचित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एएसआई की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ये गोले किस प्रकार के हैं और उनका ऐतिहासिक या पुरातात्विक महत्व है या नहीं।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र