हॉकी विश्व कप में भारत- पाकिस्तान के मैच के सभी टिकट बिके

Ads

हॉकी विश्व कप में भारत- पाकिस्तान के मैच के सभी टिकट बिके

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 07:22 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 07:22 PM IST

… मोना पार्थसारथी …

एम्सटेलवीन (नीदरलैंड) 18 अगस्त (भाषा) भारत-पाकिस्तान के बीच एफआईएच हॉकी विश्व कप में बुधवार को होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले के सभी टिकट बिक चुके हैं जिससे 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाला वेगनेर स्टेडियम पूल-डी के इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले के दौरान खचाखच भरा रहेगा। मुकाबले को लेकर भारतीय और पाकिस्तानी मूल के लोगों में खासा उत्साह है। रॉयल डच हॉकी संघ (केएनएचबी) की संचार अधिकारी तमारा बोउवमन्स ने ‘पीटीआई’ को बताया, ‘‘मैच के टिकट सितंबर 2025 से ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए थे। टिकटों की बिक्री चरणबद्ध तरीके से हुई। पहला चरण सितंबर में और अगला चरण इस साल मार्च में शुरू किया गया।’’ टिकटों की अलग-अलग श्रेणियां रखी गई थीं। नीदरलैंड के मुकाबलों को छोड़कर अन्य मैचों के लिए साउथ स्टैंड के टिकट की कीमत 35 यूरो से शुरू हुई, जबकि कवर किए गए मेन स्टैंड का डे टिकट 57 यूरो का था। हॉस्पिटैलिटी टिकट की कीमत 251.34 यूरो रखी गई थी। बोउवमन्स ने बताया कि जब किसी दिन के ग्रुप चरण के सभी टिकट बिक जाते हैं, तो टिकटिंग प्लेटफॉर्म पर हाफ-डे पास उपलब्ध कराए जाते हैं। इनके जरिए दर्शक उस दिन नीदरलैंड के मुकाबले को छोड़कर बाकी सभी मैच देख सकते हैं। नीदरलैंड में रह रहे भारतीय मूल के लोग इस मुकाबले को लेकर विशेष रूप से उत्साहित हैं। पिछले आठ साल से नीदरलैंड में रह रहीं अंजना पब्बी ने कहा, ‘‘मैं अपने परिवार के साथ भारत-पाकिस्तान मैच देखना चाहती थी, लेकिन अब टिकट उपलब्ध नहीं हैं। भारतीय टीम पहली बार यहां विश्व कप खेल रही है, इसलिए हम बेहद उत्साहित थे।’’ अंजना ने कहा कि अब वह टीवी पर मुकाबला देखेंगी और कप्तान हरमनप्रीत सिंह तथा पूरी भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाएंगी। वेगनेर स्टेडियम में इससे पहले भी सह-मेजबान नीदरलैंड की टीम के मुकाबलों के टिकट पूरी तरह बिक चुके हैं। भाषा मोना आनन्द सुधीरसुधीर