विशिष्ट निवेश कोष को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, एयूएम 13,500 करोड़ रुपये के पार

Ads

विशिष्ट निवेश कोष को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, एयूएम 13,500 करोड़ रुपये के पार

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 05:51 PM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 05:51 PM IST

नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) विशिष्ट निवेश कोष (एसआईएफ) को निवेशकों का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है और फरवरी में इसके लिए नियामकीय रूपरेखा लागू किए जाने के बाद इस श्रेणी के तहत प्रबंधन के अंतर्गत कुल परिसंपत्तियां (एयूएम) 13,500 करोड़ रुपये से अधिक हो गई हैं। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सेबी ने एसआईएफ की शुरुआत पारंपरिक म्यूचुअल फंड और उच्च निवेश वाले पोर्टफोलियो प्रबंधन सेवा (पीएमएस) के बीच की खाई को पाटने के लिए की है।

उद्योग मंडल एसोचैम के 17वें म्यूचुअल फंड शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए सेबी के पूर्णकालिक सदस्य अमरजीत सिंह ने कहा कि फरवरी में लागू किए गए एसआईएफ के नियामकीय ढांचे को बाजार से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

उन्होंने विवरण देते हुए कहा, ‘‘31, मई 2026 तक एसआईएफ में 56,000 से अधिक निवेशक फोलियो जुड़े और इनकी एयूएम 13,500 करोड़ से अधिक हो गई हैं।’’

एसआईएफ में निवेश करने की न्यूनतम सीमा 10 लाख रुपये है। इसके तहत कोष प्रबंधक पैसा बढ़ाने और जोखिम से बचने की कोशिश करने के लिए उन्नत तरीकों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

सिंह ने बताया कि अब तक शुरू की गई 21 निवेश रणनीतियों में सबसे अधिक निवेश हाइब्रिड लॉन्ग-शॉर्ट रणनीति के तहत जुटाया गया है। उन्होंने कहा कि इससे यह संकेत मिलता है कि निवेशकों की रुचि विनियमित ढांचे के भीतर अलग-अलग निवेश विकल्पों की ओर बढ़ रही है।

भाषा

यासिर अजय

अजय