निसान मोटर इंडिया का दो लाख इकाई की बिक्री का लक्ष्य, नई प्रीमियम सी-एसयूवी ‘टेक्टॉन’ उतारी

निसान मोटर इंडिया का दो लाख इकाई की बिक्री का लक्ष्य, नई प्रीमियम सी-एसयूवी ‘टेक्टॉन’ उतारी

निसान मोटर इंडिया का दो लाख इकाई की बिक्री का लक्ष्य, नई प्रीमियम सी-एसयूवी ‘टेक्टॉन’ उतारी
Modified Date: July 9, 2026 / 08:01 pm IST
Published Date: July 9, 2026 8:01 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

मुंबई, नौ जुलाई (भाषा) निसान मोटर इंडिया का लक्ष्य सालाना दो लाख वाहनों की बिक्री का है। इसमें एक लाख वाहन घरेलू बाजार में और एक लाख वाहन निर्यात किए जाएंगे।

कंपनी का कहना है कि वह भारत में घरेलू और निर्यात बिक्री के बीच संतुलन बनाने की दिशा में काम कर रही है।

निसान मोटर इंडिया ने भारत में अपनी नई प्रीमियम सी-एसयूवी ‘निसान टेक्टॉन’ को पेश किया है। कंपनी ने इसे भारत में अपनी वापसी की रणनीति के तहत उतारा है।

इस मौके पर निसान मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक सौरभ वत्स ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘हमारा लक्ष्य भारत से एक लाख वाहनों का निर्यात और घरेलू बाजार में एक लाख वाहनों की बिक्री का है। वर्ष 2026 वह समय है जब हम बिक्री के संतुलन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।’

उन्होंने कहा कि फिलहाल कंपनी के घरेलू उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार हो रहा है। पहले कंपनी के पास केवल एक मॉडल था, लेकिन चालू वित्त वर्ष के अंत तक उसके पास चार मॉडल होंगे। इससे घरेलू और निर्यात बिक्री के बीच संतुलन अपने आप बेहतर होगा।

वत्स ने कहा कि कंपनी जैसे-जैसे नए मॉडल पेश करेगी, बिक्री का यह अनुपात भी बदलता रहेगा।

घरेलू और निर्यात बिक्री के 50:50 के लक्ष्य को संतुलन की शुरुआत बताते हुए उन्होंने कहा, ‘जब आप भारत के नियामक मानकों – बीएस 6.2, भारत एनसीएपी का पालन करते हैं और ग्राहकों की पसंद की खूबियां देते हैं, तो उत्पाद बेहद शानदार हो जाता है। इसके बेहतर होते ही हमारे लिए दुनिया के कई बाजारों के दरवाजे अपने आप खुल जाते हैं।’

कंपनी ने पिछले महीने निर्यात में 5,340 इकाइयों और घरेलू बाजार में 3,006 इकाइयों की थोक बिक्री दर्ज की थी।

निसान ने टेक्टॉन को 10.49 लाख रुपये से 18.59 लाख रुपये (शोरूम कीमत) की कीमत पर पेश किया है। यह 11 संस्करणों में उपलब्ध होगी। इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है और ग्राहकों को इसकी आपूर्ति 20 जुलाई से शुरू होगी।

निसान इंडिया ने अभिनेता ऋतिक रोशन को कंपनी और टेक्टॉन का नया ब्रांड एंबैसर भी नियुक्त किया है।

वत्स ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में कंपनी एक मॉडल से बढ़कर तीन मॉडल तक पहुंच गई है। चालू वित्त वर्ष के दौरान एक और नया मॉडल पेश किया जाएगा।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में