अमेरिका में बेरोजगारी भत्ते के आवेदन घटकर 2.15 लाख पर
अमेरिका में बेरोजगारी भत्ते के आवेदन घटकर 2.15 लाख पर
वाशिंगटन, नौ जुलाई (एपी) अमेरिका में बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन करने वाले लोगों की संख्या पिछले सप्ताह मामूली रूप से घट गई। देश में कंपनियों की ओर से कर्मचारियों की छंटनी अब भी ऐतिहासिक रूप से निचले स्तर पर बनी हुई है।
अमेरिकी श्रम विभाग ने बृहस्पतिवार को बताया कि चार जुलाई को समाप्त सप्ताह में बेरोजगारी भत्ते के लिए नए आवेदन 2,000 घटकर 2,15,000 रह गए। आंकड़ा विश्लेषण कंपनी फैक्टसेट के सर्वेक्षण में विश्लेषकों ने 2,20,000 नए आवेदनों का अनुमान जताया था।
बेरोजगारी भत्ते के लिए साप्ताहिक आवेदन को कंपनियों की छंटनी का एक प्रमुख संकेतक माना जाता है। यह अमेरिका के रोजगार बाजार की मौजूदा स्थिति का आकलन करने का एक त्वरित माध्यम भी है।
सरकार की ओर से पिछले सप्ताह जारी जून के व्यापक रोजगार आंकड़ों के अनुसार, कंपनियों ने जून में नियुक्तियों की रफ्तार धीमी कर दी और केवल 57,000 नए रोजगार जोड़े। यह आंकड़ा इससे पिछले महीने के की तुलना में आधे से भी कम है, जो दर्शाता है कि कंपनियां नई भर्तियों को लेकर अब भी सतर्क रुख अपना रही हैं।
हालांकि, बेरोजगारी दर मई के 4.3 प्रतिशत से घटकर 4.2 प्रतिशत पर आ गई, लेकिन इस गिरावट का मुख्य कारण यह है कि कई बेरोजगार लोगों ने नौकरी की तलाश बंद कर दी और उन्हें अब बेरोजगारों की श्रेणी में नहीं गिना गया।
जून में धीमी नियुक्तियों का यह रुख पिछले तीन महीनों में नौकरियों में हुई भारी बढ़ोतरी के बाद आया है।
कोविड-19 महामारी के बाद अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार आने के बाद से बेरोजगारी भत्ते के साप्ताहिक आवेदन ज्यादातर 2,00,000 से 2,50,000 के बीच स्थिर रहे हैं। हालांकि, करीब दो साल पहले से नियुक्तियों की गति धीमी होने लगी थी और 2025 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शुल्क नीतियों, संघीय कर्मचारियों की कटौती और महंगाई नियंत्रित करने के लिए ऊंची ब्याज दरों के लंबे प्रभाव के कारण इसमें और कमी आई।
एपी योगेश अजय
अजय

Facebook


