भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में किसी भारतीय हित से समझौता नहीं: गोयल

Ads

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते में किसी भारतीय हित से समझौता नहीं: गोयल

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 10:27 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 10:27 PM IST

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के पाठ का ब्योरा अभी सार्वजनिक नहीं हुआ है, लेकिन समझौते में भारत के किसी भी संवेदनशील हित से समझौता नहीं किया गया है।

गोयल ने कहा कि सरकार किसी भी मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप देने से पहले सभी संबंधित पक्षों के साथ व्यापक स्तर पर विचार-विमर्श करती है।

वाणिज्य मंत्री ने वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम के एक कार्यक्रम में कहा कि मौजूदा सरकार ने अबतक जितने भी एफटीए, तरजीही व्यापार समझौते (पीटीए) या द्विपक्षीय व्यापार समझौतों (बीटीए) को अंतिम रूप दिया है, उनका संबंधित पक्षों ने व्यापक रूप से स्वागत किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अब तक इनमें से किसी भी समझौते की एक भी आलोचना नहीं देखी है। अमेरिका के साथ व्यापार समझौते का ब्योरा अभी सार्वजनिक नहीं हुआ है, इसलिए कुछ लोग पूरी तरह झूठी बातें फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

गोयल ने कहा, ‘‘मैं पद की जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं कि अमेरिका के साथ बीटीए में हमने भारत के किसी भी संवेदनशील हित से समझौता नहीं किया है।’’

उन्होंने कहा कि इसमें किसानों, मछुआरों, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई), श्रमिकों, हथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्रों और वाहन उद्योग के हितों का ध्यान रखा गया है।

गोयल ने कहा कि जहां तक संभव था और वाहन उद्योग के साथ विचार-विमर्श के बाद समझौते को अंतिम रूप दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह केवल पहला चरण है। हम आगे भी बातचीत जारी रखेंगे।’’

भारत और अमेरिका ने फरवरी में समझौते के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप दिए जाने की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिका में शुल्क व्यवस्था में बदलाव के बाद दोनों देशों के बीच इस समझौते को लेकर आगे की बातचीत हुई है।

अमेरिका ने 24 जुलाई से भारत समेत कई देशों के उत्पादों पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत शुल्क लगा दिया है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय