न्यूयॉर्क, तीन सितंबर (भाषा) दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी एनवीडिया ने बृहस्पतिवार को कृत्रिम मेधा (एआई) मॉडल के ओपन-सोर्स मंच ‘हगिंग फेस’ का 12.93 अरब डॉलर में अधिग्रहण करने की घोषणा की।
एनवीडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जेन्सन हुआंग ने कहा कि अधिग्रहण के बाद हगिंग फेस के मंच का विस्तार किया जाएगा, उसके बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा और दुनियाभर के डेवलपर एवं संस्थानों के लिए एआई तक पहुंच बढ़ाई जाएगी।
वर्ष 2016 में फ्रांसीसी उद्यमियों क्लेमेंट डेलांग, जूलियन चॉमोंड और थॉमस वुल्फ ने हगिंग फेस की स्थापना की थी। कंपनी एआई मॉडल, डेटा सेट और एप्लिकेशन साझा करने के लिए प्रमुख मंच में शामिल है।
हुआंग ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि हगिंग फेस के मंच का इस्तेमाल 1.8 करोड़ से अधिक डेवलपर, शोधकर्ता और रचनाकार करते हैं। मंच पर 30 लाख से अधिक मॉडल, पांच लाख डेटा सेट और 10 लाख एआई एप्लिकेशन उपलब्ध हैं।
दो लाख से अधिक कंपनियां इस मंच का इस्तेमाल एआई मॉडल की तलाश, उसके मूल्यांकन, अपने अनुरूप ढालने और लागू करने के लिए करती हैं।
हुआंग ने कहा, ‘‘अधिग्रहण के बाद भी हगिंग फेस समूचे एआई पारिस्थितिकी तंत्र के लिए एक खुला मंच बना रहेगा। डेवलपर अपनी पसंद के मॉडल, ढांचे, क्लाउड और एआई कंप्यूटिंग मंच का इस्तेमाल कर सकेंगे। हगिंग फेस पर एआई बनाने या उसके क्रियान्वयन के लिए एनवीडिया की कंप्यूटिंग क्षमता का इस्तेमाल अनिवार्य नहीं होगा।’’
उन्होंने कहा कि कंपनी विभिन्न डेवलपर के ओपन-सोर्स और ‘ओपन-वेट’ मॉडल का समर्थन जारी रखेगी। ऐसे मॉडल स्टार्टअप, कंपनियों, विश्वविद्यालयों और सरकारी संस्थानों को हर मॉडल को शून्य से तैयार किए बिना उन्नत एआई क्षमताओं का इस्तेमाल करने में मदद करते हैं।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय