रॉडटेप योजना की दरों की संशोधित सूची की अधिसूचना जारी
रॉडटेप योजना की दरों की संशोधित सूची की अधिसूचना जारी
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) वाणिज्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को संशोधित सीमा शुल्क ढांचे के अनुरूप ‘निर्यातित उत्पादों पर शुल्क एवं कर वापसी’ (रॉडटेप) योजना के नियमों और दरों की नई आधिकारिक सूची को अधिसूचित किया।
मंत्रालय ने कहा कि इस संशोधन में 194 उत्पाद श्रेणियों को शामिल किया गया है, जिनमें 142 नए आठ अंकों वाली उत्पाद श्रेणियां जोड़ी गई हैं, 50 हटाए गए हैं और कुछ श्रेणियों में संशोधन किया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि संशोधित सूची एक मई 2026 से सीमा शुल्क स्वचालित प्रणाली में रॉडटेप योजना के लाभों के सुचारू क्रियान्वयन में मदद करेंगे और इससे उत्पाद वर्गीकरण से जुड़ी अस्पष्टता भी कम होगी।
यह कदम विशेष रूप से रॉडटेप योजना से संबंधित है और इसका उद्देश्य निर्यातकों के लिए कारोबार सुगमता बढ़ाना, अनुपालन प्रक्रियाओं में तालमेल सुनिश्चित करना और योग्य शुल्क, करों तथा उपकर की वापसी में निरंतरता बनाए रखना है।
वाणिज्य मंत्रालय ने एक अलग बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के टांडा बिजैसी में बासमती और जैविक प्रशिक्षण केंद्र-सह-डेमो फार्म की स्थापना के लिए भूमि हस्तांतरण को औपचारिक रूप दे दिया गया है।
करीब सात एकड़ में विकसित होने वाले इस केंद्र में ऑडिटोरियम, बासमती और जैविक खेती पर संग्रहालय व गैलरी, सम्मेलन कक्ष, प्रयोगशाला और जैविक खेती के इनपुट के भंडारण की सुविधा होगी।
यह केंद्र किसानों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण में मदद करेगा तथा कृषि विशेषज्ञों और छात्रों के लिए संसाधन केंद्र के रूप में कार्य करेगा। स्थापना के बाद यह देश का पहला ऐसा प्रशिक्षण और प्रदर्शन केंद्र होगा, जो पारंपरिक और जैविक दोनों तरह की बासमती खेती को कवर करेगा।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण

Facebook


