एनएसई के शेयर में बीएसई के साथ एमएसईआई पर भी कारोबार होगा

एनएसई के शेयर में बीएसई के साथ एमएसईआई पर भी कारोबार होगा

एनएसई के शेयर में बीएसई के साथ एमएसईआई पर भी कारोबार होगा
Modified Date: September 23, 2026 / 08:24 pm IST
Published Date: September 23, 2026 8:24 pm IST

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के शेयरों में बृहस्पतिवार से बीएसई के साथ मेट्रोपॉलिटन स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एमएसईआई) पर भी कारोबार होगा।

एनएसई के शेयर 24 सितंबर को बीएसई पर सूचीबद्ध होने वाले हैं। एनएसई के 22,569 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन कुल 5.71 गुना अभिदान मिला था।

एमएसईआई ने बुधवार को एक परिपत्र में कहा कि एनएसई के शेयर को 24 सितंबर, 2026 से उसके पूंजी बाजार खंड में ‘कारोबार के लिए मंजूर’ श्रेणी के तहत कारोबार के लिए स्वीकार किया जाएगा।

एक्सचेंज ने कहा कि ‘कारोबार के लिए मंजूर’ श्रेणी में शामिल प्रतिभूतियों के लिए एक्सचेंज के साथ सूचीबद्धता समझौता नहीं किया जाता है लिहाजा सूचीबद्ध कंपनियों पर लागू होने वाले सभी खुलासे इन पर लागू नहीं होते हैं।

एनएसई के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीषकुमार चौहान ने अपने एक्सचेंज पर भी कंपनी शेयरों के लिए ऐसी श्रेणी बनाए जाने की संभावना पर पहले कहा था कि एक्सचेंज ने ऐसी सुविधा के लिए आवेदन नहीं किया है। उन्होंने कहा था कि यदि एनएसई इस विकल्प पर आगे बढ़ता है तो वह भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से परामर्श करेगा।

एनएसई का आईपीओ 2024 में आए हुंदै मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के निर्गम के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम है। यह 2022 में आए भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के 21,000 करोड़ रुपये के सार्वजनिक निर्गम से भी बड़ा है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में