पश्चिम बंगाल अपना खाद्य तेल ब्रांड शुरू करेगा : मंत्री

पश्चिम बंगाल अपना खाद्य तेल ब्रांड शुरू करेगा : मंत्री

पश्चिम बंगाल अपना खाद्य तेल ब्रांड शुरू करेगा : मंत्री
Modified Date: September 23, 2026 / 07:52 pm IST
Published Date: September 23, 2026 7:52 pm IST

कोलकाता, 23 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के सहकारिता और खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री अशोक कीर्तनिया ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार अपने डेयरी ब्रांड ‘बांग्लार डेयरी’ की तर्ज पर अपना खाद्य तेल ब्रांड शुरू करने की योजना बना रही है। इसकी शुरुआत सरसों तेल से की जाएगी।

कीर्तनिया ने यहां राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहा कि राज्य खाद्य तेल के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए तिलहन उत्पादन बढ़ाना चाहता है।

मंत्री ने कहा, “हम आत्मनिर्भर बनने के लिए राज्य में तिलहन उत्पादन बढ़ाना चाहते हैं। साथ ही हम बाजार में अपना खाद्य तेल ब्रांड स्थापित करना चाहते हैं, जिसके लिए एनडीडीबी से सहयोग की जरूरत है।”

एनडीडीबी के चेयरमैन मीनेश शाह ने कहा कि बोर्ड राज्य को अपना सरसों तेल ब्रांड स्थापित करने में मदद करेगा। उन्होंने खाद्य तेल के विपणन के क्षेत्र में एनडीडीबी के अनुभव का हवाला देते हुए खरीद प्रक्रिया में भी सहयोग की पेशकश की।

कृषि विपणन एवं पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि राज्य वर्तमान में राजस्थान, मध्य प्रदेश तथा विदेशों से सरसों की खरीद करता है। उन्होंने इसके लिए पिछली राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उसने सरसों की खेती को प्रोत्साहित नहीं किया।

इस बीच, कार्यक्रम के दौरान एनडीडीबी और आईआईटी खड़गपुर ने खाद्य तेल क्षेत्र में शोध, प्रौद्योगिकी विकास, क्षेत्रीय परीक्षण, क्षमता निर्माण, फसल कटाई के बाद प्रबंधन, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के लिए सहयोग करने को लेकर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

भाषा यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में