भुवनेश्वर, आठ अप्रैल (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को 40,811 करोड़ रुपये की 36 औद्योगिक परियोजनाओं की शुरुआत की। इनसे राज्य में लगभग 59,000 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इन 36 परियोजनाओं में से माझी ने 11 औद्योगिक इकाइयों का उद्घाटन किया और 25 अन्य की आधारशिला रखी। ये परियोजनाएं मुख्य रूप से हरित ऊर्जा उपकरण, धातु, कपड़ा और परिधान, प्लास्टिक, पर्यटन, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण, रक्षा विनिर्माण, आईटी, वाहन और सीमेंट जैसे विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित हैं।
परियोजनाओं की शुरुआत करने से पहले मुख्यमंत्री ने देश भर के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ एक गोलमेज बैठक की और उन्हें भूमि, बिजली, पानी, संपर्क और समय पर मंजूरी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 18-20 महीनों में सरकार ने लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये की 109 परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया है, जिससे 1,76,000 रोजगार सृजित हुए हैं।
भाषा सुमित पाण्डेय
पाण्डेय