नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा ) कप्तान शुभमन गिल और वॉशिंगटन सुंदर के बीच तीसरे विकेट के लिये शतकीय साझेदारी की मदद से गुजरात टाइटंस ने आईपीएल के मैच में बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चार विकेट पर 210 रन बनाये ।
दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने कल यहां हुई बारिश और बादलों को देखते हुए टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया । मांसपेशी में ऐंठन से उबरकर वापसी करने वाले गिल ने 45 गेंद में चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 70 रन बनाये जबकि जोस बटलर ने 27 गेंद में 52 और सुंदर ने 32 गेंद में 55 रन बनाये ।
दिल्ली के लिये लुंगी एनगिडि ने चार ओवर में 32 रन देकर एक विकेट लिया। तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को दो विकेट मिले लेकिन उन्होंने चार ओवर में 55 रन दे डाले । भारतीय टीम के स्पिनर कुलदीप यादव ने चार ओवर में 42 रन देकर एक विकेट लिया ।
गुजरात के लिये भरोसेमंद सलामी बल्लेबाज साइ सुदर्शन ने अच्छी शुरूआत की और पहली ही गेंद पर मुकेश कुमार को स्ट्रेट चौका लगाया । वहीं अगले ओवर की पहली गेंद पर एनगिडि को कवर में चौका लगाकर अपने तेवर जाहिर किये ।
सुदर्शन हालांकि अगले ओवर में मुकेश की गेंद पर बोल्ड हो गए और 19 के स्कोर पर गुजरात ने पहला विकेट गंवा दिया ।
इसके बाद से बटलर ने अपने पुराने फॉर्म की झलक देते हुए गुजरात की रनगति को अपने आकर्षक स्ट्रोक्स से आगे बढाना जारी रखा । उन्होंने मुकेश का स्वागत स्ट्रेट में छक्का लगाकर किया । दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल चौथे ओवर में खुद गेंदबाजी के लिये आये लेकिन पहली गेंद पर बटलर ने चौका लगाया और अगली गेंद को लांग आन सीमारेखा के पार पहुंचा दिया ।
अक्षर के पहले ओवर में 13 रन बने । बटलर ने पांचवें ओवर में मुकेश को खासी नसीहत देते हुए तीन छक्के और एक चौके के साथ 23 रन निकाले । स्ट्रेट और लांग आन में छक्के के साथ उन्होंने गुजरात के पचास रन 4.2 ओवर में पूरे किये । पावरप्ले के छह ओवर में गुजरात का स्कोर एक विकेट पर 68 रन था ।
बटलर की आक्रामक बल्लेबाजी का नजारा दूसरे छोर से देख रहे गिल को स्ट्राइक नहीं मिलने का मलाल नहीं रहा होगा । इंग्लैंड के इस बल्लेबाज ने अक्षर की गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया जिसमें तीन चौके और पांच छक्के शामिल थे ।
इस साझेदारी को खतरनाक होती देख अक्षर ने अपने सबसे होनहार गेंदबाज कुलदीप यादव को गेंद सौंपी और उन्होंने कप्तान को निराश नहीं किया । कलाई के इस स्पिनर की नीची गेंद पर बटलर (27 गेंद में 52 रन ) चकमा खाकर बोल्ड हो गए ।
गुजरात के बल्लेबाज सातवें से दसवें ओवर के बीच 33 रन ही बना सके और एक विकेट भी गंवाया । दस ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 101 रन था ।
दिल्ली के लिये 12वां ओवर भी काफी महंगा साबित हुआ जिसमें 23 रन बने । पहले वॉशिंगटन सुंदर ने डीप मिडविकेट के ऊपर से विपराज निगम को छक्का लगाया । इसके बाद गिल ने गेंदबाज के सिर से ऊपर से गेंद को सीमा पार भेजा ।
गिल ने 15वें ओवर में एनगिडि को डीप स्क्वेयर लेग में चौका लगातर अपना अर्धशतक पूरा किया ।
कुलदीप 17वें ओवर में फिर गेंदबाजी के लिये आये जिन्होंने पहली गेंद लेग स्टम्प के बाहर शॉर्ट डाली जिस पर गिल ने जबर्दस्त पुल शॉट खेलकर शॉर्ट फाइन लेग के ऊपर छक्का लगाने के बाद चौथी गेंद पर अपनी पारी का पांचवां छक्का जड़ा । इस बीच गिल और सुंदर ने तीसरे विकेट के लिये 56 गेंद में सौ रन की साझेदारी पूरी कर ली ।
गिल की पारी का अंत एंगिडि ने किया जब गुजरात का स्कोर 183 रन था । वह आफ स्टम्प से बाहर जाती फुल लैंग्थ गेंद पर मिड आफ में नीतिश राणा को कैच दे बैठे ।
सुंदर ने नटराजन को 19वें ओवर में स्क्वेयर लेग के ऊपर छक्का लगाकर आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक पूरा किया । लेकिन आखिरी ओवर में वह मुकेश की गेंद पर राणा को कैच देकर लौटे । उन्होंने 31 गेंद की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाये ।
भाषा मोना सुधीर
सुधीर