भुवनेश्वर, दो सितंबर (भाषा) ओडिशा सरकार ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अनुचित गतिविधियों में कथित रूप से शामिल 96 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं, जबकि 170 अन्य के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जारी खरीफ सत्र के दौरान किसानों को उर्वरकों की पर्याप्त और समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा निगरानी तथा कार्रवाई तेज किए जाने के बीच की गई है।
उपमुख्यमंत्री के.वी. सिंह देव ने अधिकारियों को उर्वरकों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी और उर्वरकों को गैर-कृषि कार्यों के लिए भेजे जाने को कतई बर्दाश्त नहीं किए जाने की नीति अपनाने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद जिला और प्रखंड स्तर पर प्रवर्तन दल गठित किए गए, जो थोक और खुदरा उर्वरक दुकानों का नियमित निरीक्षण और छापेमारी कर रहे हैं।
बयान के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में राज्यभर में 11,684 उर्वरक दुकानों पर छापे मारे गए। इस दौरान 2,774 लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, जबकि नियमों के कथित उल्लंघन के आरोप में 321 विक्रेताओं की बिक्री अस्थायी रूप से रोक दी गई।
भाषा
यासिर अजय
अजय