इंदौर (मध्यप्रदेश), दो सितंबर (भाषा) भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले जाने वाले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के टिकटों की कीमतें 1,000 रुपये से 12,500 रुपये तक रखी गई हैं। मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) ने बुधवार को टिकटों की दरों की घोषणा की।
एमपीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि इस मुकाबले के लिए गैलरी के सबसे सस्ते टिकट की कीमत 1,000 रुपये रखी गई है, जबकि पवेलियन का सबसे महंगा टिकट 12,500 रुपये का होगा।
अधिकारी ने बताया कि टिकटों की बिक्री केवल ऑनलाइन माध्यम से होगी और इसके लिए ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो’ को आधिकारिक ऑनलाइन टिकटिंग एजेंसी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट खरीद सकेगा और ये टिकट एक ही या अलग-अलग श्रेणियों के हो सकते हैं।
अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन टिकट बिक्री शुरू होने की तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैच की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा।
यह इस स्टेडियम में आयोजित होने वाला पांचवां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच होगा।
भाषा हर्ष शफीक नमिता
नमिता