नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक में ओडिशा पांचवें स्थान पर

Ads

नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक में ओडिशा पांचवें स्थान पर

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 01:50 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 01:50 PM IST

भुवनेश्वर, 19 जुलाई (भाषा) ओडिशा को नीति आयोग के हालिया निवेश अनुकूलता सूचकांक (आईएफआई) में पांचवां स्थान मिला है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इसे उनकी सरकार की पारदर्शी शासन व्यवस्था, उद्योग-अनुकूल नीतियों और कुशल सेवा वितरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब बताया है।

कुल 52.4 अंक के साथ ओडिशा को गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और गोवा के साथ ‘शीर्ष प्रदर्शन करने वाले’ राज्यों की श्रेणी में रखा गया है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, नीति आयोग की रिपोर्ट में इन पांच राज्यों को निवेश के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने में अग्रणी बताया गया है।

निवेश अनुकूलता सूचकांक (आईएफआई) राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के निवेश परिवेश के आकलन के लिए देश का पहला व्यापक और साक्ष्य-आधारित ढांचा है। इसके तहत बुनियादी ढांचे, कारोबारी माहौल, संसाधनों की उपलब्धता, सरकारी नीतियां, नियामकीय सुगमता, संस्थागत वातावरण, वित्तीय स्वास्थ्य और पर्यावरणीय अनुकूलन क्षमता जैसे आठ प्रमुख मानकों पर प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है।

इसका उद्देश्य राज्यों के प्रदर्शन का तुलनात्मक आकलन करना और प्रतिस्पर्धी तथा सहकारी संघवाद को बढ़ावा देना है।

बयान में कहा गया कि यह रैंकिंग नीतिगत सुधारों, औद्योगिक बुनियादी ढांचा, कारोबार सुगमता, निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और पारदर्शी शासन व्यवस्था के प्रति ओडिशा की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री माझी ने इस उपलब्धि के लिए ओडिशा के लोगों, उद्योग जगत के साझेदारों और निवेश प्रोत्साहन से जुड़े सभी विभागों को बधाई दी।

उन्होंने कहा, ‘‘निवेश अनुकूलता सूचकांक में शीर्ष पांच राज्यों में शामिल होना ओड़िशा के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि पारदर्शी शासन, उद्योग-अनुकूल नीतियों और कुशल सेवा वितरण के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’

भाषा योगेश अजय

अजय