बरेली (उप्र), 19 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मादक पदार्थ रोधी कार्य बल (एएनटीएफ) और शाही थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को बरेली जिले में 1.25 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का 498.35 किलोग्राम ‘एसिटिक एनहाइड्राइड’ जब्त किया और चार लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
‘एसिटिक एनहाइड्राइड’ एक नियंत्रित रसायन है, जिसका इस्तेमाल हेरोइन बनाने में किया जाता है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) अंशिका वर्मा ने बताया कि संयुक्त अभियान में ‘एसिटिक एनहाइड्राइड’ की कथित तौर पर आपूर्ति करने वाले गिरोह को निशाना बनाया गया।
उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान जोगेश, तेजपाल, अरुण और वासिद के रूप में हुई है।
वर्मा ने बताया कि जोगेश को पहले भी इसी तरह के एक मामले में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी), लखनऊ ने गिरफ्तार किया था और बाद में उसे जेल भेज दिया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि रसायन के अलावा आरोपियों के पास से एक पिकअप वाहन, एक कार और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि रसायन की आपूर्ति करने वालों और इसे प्राप्त करने वालों का पता लगाया जा रहा है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ‘एसिटिक एनहाइड्राइड’ अफीम या मॉर्फीन को हेरोइन (ब्राउन शुगर) में बदलने के लिए इस्तेमाल होने वाला प्रमुख रसायन है। इसके बिना मॉर्फीन को उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन में बदलना बेहद मुश्किल होता है।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ तस्कर अवैध नशीले पदार्थ बनाने के लिए इस रसायन का इस्तेमाल करते हैं, इसलिए सरकार इसके उत्पादन और बिक्री पर नजर रखती है।
भाषा सं सलीम सिम्मी
सिम्मी