रथ यात्रा के दौरान जापान ओपन जीतना ईश्वरीय संयोग जैसा: पीवी सिंधू

Ads

रथ यात्रा के दौरान जापान ओपन जीतना ईश्वरीय संयोग जैसा: पीवी सिंधू

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 10:24 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 10:24 PM IST

भुवनेश्वर, 19 जुलाई (भाषा) भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने रविवार को जापान ओपन 2026 महिला एकल खिताब जीतने को भगवान जगन्नाथ की पवित्र रथ यात्रा से जुड़ा एक ‘अद्भुत और भावनात्मक संयोग’ करार देते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर मिली यह ऐतिहासिक सफलता उनके लिए विशेष महत्व रखती है।

सिंधू ने बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के बधाई संदेश का जवाब देते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ‘‘बहुत-बहुत धन्यवाद, नवीन सर। मेरे ससुर ने वरिष्ठ नौकरशाह के रूप में सेवा दी है, वह हमेशा आपके नेतृत्व और ओडिशा के सुशासन की प्रशंसा करते हैं।’’

उन्होंने पटनायक का आभार जताते हुए कहा कि वह जल्द ही पुरी जाकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने की इच्छुक हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘महाप्रभु जगन्नाथ की पवित्र रथ यात्रा के दौरान यह जीत मिलना सचमुच एक अद्भुत संयोग है। मैं जल्द ही पुरी लौटकर इस दिव्य उत्सव का हिस्सा बनना और जगन्नाथ मंदिर में महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहती हूं।’’

इससे पहले पटनायक ने एक्स पर सिंधू को बधाई देते हुए लिखा था, ‘‘ जापान की अकाने यामागुची को हराकर जापान ओपन 2026 महिला एकल खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनने पर सिंधू को हार्दिक शुभकामनाएं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सिंधू ने फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मेजबान देश की स्टार खिलाड़ी और तीन बार की विश्व चैंपियन अकाने यामागुची को सीधे गेमों में पराजित किया। मेरी कामना है कि वह आगे भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखें और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर और अधिक गौरवान्वित करें। उन्हें मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।’’

भाषा

आनन्द

आनन्द