नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) चालू वित्त वर्ष के शुरुआती दो महीनों में भारत के निर्यात में वृद्धि में आसियान और अफ्रीकी क्षेत्र का सबसे बड़ा योगदान रहा है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-मई अवधि के दौरान भारत का निर्यात सालाना आधार पर 16.09 प्रतिशत बढ़कर 88.91 अरब डॉलर हो गया। इस अवधि में आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन) को भारत का निर्यात 66.9 प्रतिशत बढ़कर 10.5 अरब डॉलर हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 6.3 अरब डॉलर था।
वहीं, इस अवधि के दौरान अफ्रीकी देशों को निर्यात 53.1 प्रतिशत बढ़कर 9.6 अरब डॉलर पहुंच गया, जबकि एक साल पहले यह 6.3 अरब डॉलर था। दोनों क्षेत्रों ने मिलकर भारत के निर्यात में 7.6 अरब डॉलर से अधिक की वृद्धि में योगदान दिया।
हालांकि, मामूली वृद्धि के बावजूद उत्तर अमेरिकी मुक्त व्यापार क्षेत्र (नाफ्टा) भारत का सबसे बड़ा निर्यात बाजार बना रहा। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको वाले इस क्षेत्र को भारत का निर्यात 2.6 प्रतिशत बढ़कर 19.3 अरब डॉलर हो गया, जो एक साल पहले 18.8 अरब डॉलर था।
भाषा योगेश
योगेश