ओला इलेक्ट्रिक ने ‘शक्ति’ ऊर्जा भंडारण पोर्टफोलियो का विस्तार किया
ओला इलेक्ट्रिक ने ‘शक्ति’ ऊर्जा भंडारण पोर्टफोलियो का विस्तार किया
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) ओला इलेक्ट्रिक ने अपने ‘शक्ति’ ऊर्जा भंडारण उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार किया है।
कंपनी ने कहा कि इन उत्पादों के जरिये जरूरत के समय इस्तेमाल के लिए ऊर्जा को संग्रहीत किया जा सकेगा। इनका इस्तेमाल घर में बिजली जाने के दौरान बिजली आपूर्ति बनाए रखने से लेकर बड़े स्तर पर नवीकरणीय ऊर्जा के प्रबंधन तक किया जा सकेगा।
इस पोर्टफोलियो को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर पेश किया गया।
कंपनी ने कहा कि स्वदेशी एलएफपी बैटरी प्रौद्योगिकी और सेल से लेकर पूरी प्रणाली तक एकीकृत क्षमता पर आधारित ‘ओला शक्ति’ को तीन तरह के उपयोग के लिए तैयार किया गया है। इसमें घरों के लिए ‘शक्ति जेन2’, कारोबार और बुनियादी ढांचे के लिए ‘शक्ति रैक’ तथा औद्योगिक एवं बिजली ग्रिड स्तर की जरूरतों के लिए ‘महाशक्ति’ शामिल हैं।
ओला इलेक्ट्रिक के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक भविष अग्रवाल ने कहा, ‘‘हमारी बैटरी और सेल प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों से आगे भी किया जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ओला शक्ति इस प्रौद्योगिकी को घर से लेकर बिजली ग्रिड तक हर स्तर पर उपलब्ध कराती है और भारत को स्वच्छ ऊर्जा को बेहतर तरीके से संग्रहीत करने तथा इस्तेमाल करने में मदद करती है।’’
कंपनी ने कहा कि ‘शक्ति जेन2’ घरेलू उपयोग के लिए है। इसमें बैटरी बैकअप, ऊर्जा प्रबंधन और सौर ऊर्जा भंडारण की सुविधा एक ही प्रणाली में दी गई है।
कंपनी के अनुसार, 4.6 किलोवाट-घंटा क्षमता वाले मॉडल की शुरुआती कीमत 99,999 रुपये और 9.2 किलोवाट-घंटा मॉडल की कीमत 1,74,999 रुपये है। दोनों मॉडल की 999 रुपये में बुकिंग की जा सकती है और इनकी आपूर्ति नवंबर, 2026 से शुरू होने वाली है।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


