ओला इलेक्ट्रिक वैश्विक वाहन कंपनियों को बैटरी सेल की आपूर्ति के लिए कर रही चर्चा

ओला इलेक्ट्रिक वैश्विक वाहन कंपनियों को बैटरी सेल की आपूर्ति के लिए कर रही चर्चा

ओला इलेक्ट्रिक वैश्विक वाहन कंपनियों को बैटरी सेल की आपूर्ति के लिए कर रही चर्चा
Modified Date: May 14, 2026 / 05:03 pm IST
Published Date: May 14, 2026 5:03 pm IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) ओला इलेक्ट्रिक लिमिटेड तमिलनाडु के कृष्णागिरि स्थित अपनी बड़ी बैटरी विनिर्माण इकाई से लिथियम-आयन सेल और बैटरी पैक की आपूर्ति के लिए कई घरेलू और वैश्विक वाहन कंपनियों के साथ बातचीत कर रही है। मामले से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी।

बेंगलुरु स्थित कंपनी फिलहाल भारत की एकमात्र बैटरी विनिर्माण इकाई संचालित कर रही है, जिसकी स्थापित क्षमता छह गीगावाट घंटा है। कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी इकाई ओला सेल टेक्नोलॉजीज ने 4680-फॉर्मेट ‘भारत सेल’ का व्यावसायिक स्तर पर उपयोग शुरू किया है।

ऐसा करने वाली टेस्ला के बाद ओला दूसरी कंपनी है।

ये चर्चाएं ऐसे समय में हो रही हैं जब ओला अपने बैटरी सेल विनिर्माण कारोबार के विस्तार में तेजी ला रही है।

सूत्रों के अनुसार, कंपनी की स्थापित उत्पादन क्षमता जुलाई, 2027 तक बढ़कर 12 गीगावाट घंटा और वित्त वर्ष 2027-28 के अंत तक 20 गीगावाट घंटा होने की उम्मीद है।

प्रस्तावित 20 गीगावाट घंटा क्षमता में से लगभग एक-तिहाई यानी करीब 6.5 गीगावाट घंटा क्षमता को अन्य वाहन विनिर्माताओं (ओईएम) को बिक्री के लिए निर्धारित किया गया है।

सूत्रों ने कहा कि संभावित ग्राहक दीर्घकालिक व्यावसायिक समझौतों से पहले ओला की विनिर्माण क्षमता और परिचालन का मूल्यांकन कर रहे हैं।

यदि ये समझौते अंतिम रूप लेते हैं तो यह ओला के बैटरी कारोबार के लिए एक रणनीतिक बदलाव होगा और कंपनी भारत के व्यापक इलेक्ट्रिक वाहन तथा ऊर्जा भंडारण बाजार में आपूर्तिकर्ता के रूप में उभर सकती है।

कंपनी ने फरवरी, 2026 में निवेशकों को बताया था कि उसने विनिर्माण, बैटरी प्रौद्योगिकी, सेल तथा अनुसंधान एवं विकास में करीब 5,300 करोड़ रुपये का निवेश किया है और निवेश चक्र का अधिकांश हिस्सा पूरा हो चुका है।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में