ऑनलाइन इंस्ट्रूमेंट्स ने आईपीओ दस्तावेज किए दाखिल; 750 करोड़ रुपये जुटाने की योजना

ऑनलाइन इंस्ट्रूमेंट्स ने आईपीओ दस्तावेज किए दाखिल; 750 करोड़ रुपये जुटाने की योजना

ऑनलाइन इंस्ट्रूमेंट्स ने आईपीओ दस्तावेज किए दाखिल; 750 करोड़ रुपये जुटाने की योजना
Modified Date: May 11, 2026 / 12:53 pm IST
Published Date: May 11, 2026 12:53 pm IST

नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) ऑनलाइन इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) लिमिटेड ने पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए प्रारंभिक दस्तावेज दाखिल किए हैं। कंपनी का लक्ष्य आईपीओ के जरिये 750 करोड़ रुपये जुटाने का है।

आईपीओ दस्तावेजों के अनुसार, इस निर्गम में 750 करोड़ रुपये के नए शेयर और 57.10 लाख शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल होगी।

बेंगलुरु स्थित कंपनी 150 करोड़ रुपये तक का आईपीओ पूर्व निर्गम भी ला सकती है। इसके पूरा होने पर नए शेयर निर्गम का आकार उसी अनुपात में कम कर दिया जाएगा।

कंपनी के अनुसार, नए निर्गम से प्राप्त राशि में से 160 करोड़ रुपये का उपयोग कुछ ऋणों के पुनर्भुगतान या पूर्व-भुगतान के लिए किया जाएगा। वहीं 330 करोड़ रुपये कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने में लगाए जाएंगे जबकि शेष राशि संभावित अधिग्रहण और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल होगी।

ऑनलाइन इंस्ट्रूमेंट्स ऑडियो-विजुअल सिस्टम एकीकरण (एवीएसआई) समाधान प्रदान करती है। इसके बेंगलुरु में तीन विनिर्माण संयंत्र हैं। कंपनी ने भारत के साथ-साथ सिंगापुर, मलेशिया, ताइवान, फिलीपींस, संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका, मेक्सिको और फ्रांस जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी एवीएसआई परियोजनाएं पूरी की हैं।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में