‘फूड डिलिवरी’ बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने पर है ओनली, मैजिकपिन की नजर
‘फूड डिलिवरी’ बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने पर है ओनली, मैजिकपिन की नजर
नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) ऑनलाइन ऑर्डर पर खाने-पीने की आपूर्ति करने वाले मंच ‘ओनली’ और ‘मैजिकपिन’ भारत के फूड डिलिवरी बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।
इन कंपनियों का कहना है कि प्रमुख शहरों में रेस्तरां साझेदारों की संख्या और ऑर्डर में लगातार वृद्धि हो रही है।
यह ऐसे समय में हो रहा है, जब भारत के ‘फूड डिलिवरी’ क्षेत्र में नए मंच अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं रेस्तरां संचालक व्यावसायिक शर्तों और ग्राहकों के लिए जारी होने वाले प्रचारात्मक प्रस्तावों पर अधिक नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।
मैजिकपिन के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अंशु शर्मा ने पीटीआई-भाषा से कहा कि कंपनी के मंच पर देश के प्रमुख शहरों में रेस्तरां की भागीदारी और दैनिक ऑर्डर दोनों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
उन्होंने कहा, ‘रेस्तरां हमारे कामकाज में पारदर्शिता की सराहना करते हैं। हम भारत के प्रमुख शहरों में परिचालन के साथ एक मजबूत विकल्प बनकर उभरे हैं। हमारे रेस्तरां साझेदारों और ग्राहकों के सहयोग से हम देश का तीसरा सबसे बड़ा फूड डिलिवरी ऐप बने हैं और आगे भी वृद्धि जारी रहने की उम्मीद है।’
शर्मा ने कहा कि सभी प्रमुख शहरों में कंपनी का परिचालन सुचारू रूप से जारी है और रेस्तरां साझेदारों के साथ-साथ दैनिक ऑर्डर की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
रैपिडो एवं ओनली के सह-संस्थापक अरविंद सांका ने कहा कि कंपनी का मंच पहले ही कई रेस्तरां साझेदारों के लिए उल्लेखनीय संख्या में ऑर्डर उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘यदि रेस्तरां को बेहतर आर्थिक लाभ मिलता रहा और ग्राहकों को पारदर्शी मूल्य मिलता रहा, तो वृद्धि अपने आप होगी। हमारा ध्यान अधिक से अधिक रेस्तरां को जोड़ने, ऑर्डर की संख्या बढ़ाने और ओनली को रोजमर्रा के भोजन ऑर्डर करने के लिए पसंदीदा मंच बनाने पर है।’
सांका ने कहा कि भारत का फूड डिलिवरी बाजार अभी पूरी तरह विकसित नहीं हुआ है और इसमें कई कंपनियों के लिए पर्याप्त अवसर हैं।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


