एआई सम्मेलन के मंच पर फोटो के दौरान ‘असमंजस’ में दिखे ओपनएआई और एंथ्रोपिक के सीईओ
एआई सम्मेलन के मंच पर फोटो के दौरान 'असमंजस' में दिखे ओपनएआई और एंथ्रोपिक के सीईओ
(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के मंच पर एक समूह फोटो के दौरान बृहस्पतिवार को थोड़ी असहज स्थिति का सामना करने वाले ओपनएआई के मुखिया सैम ऑल्टमैन ने कहा कि वह ‘थोड़ा भ्रमित हो गए थे’ और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि उस समय क्या करना है।
ऑल्टमैन को शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन के बाद मंच पर साथी तकनीकी दिग्गजों के साथ एक समूह फोटो लिए जाने के दौरान असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था।
उस दौरान मंच पर ओपनएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ऑल्टमैन के साथ एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोडेई और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई भी मौजूद थे। इनके अलावा मेटा के मुख्य एआई अधिकारी अलेक्जेंडर वांग, सर्वम के सह-संस्थापक प्रत्यूष कुमार और गूगल डीपमाइंड के सीईओ डेमिस हसाबिस भी खड़े थे।
फोटो क्लिक करते समय प्रधानमंत्री ने पिचाई और ऑल्टमैन के हाथ उठाए, जबकि ऑल्टमैन के बगल में खड़े अमोडेई इस बात को लेकर असमंजस में नजर आए कि उन्हें हाथ मिलाना है, हाथ पकड़ना है या केवल फोटो के लिए खड़ा रहना है। जहां अन्य प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के हाथ उठाए, वहीं आल्टमैन एवं अमोडेई अंततः मुट्ठियां उठाए नजर आए।
बाद में इस घटना के बारे में पूछे जाने पर ऑल्टमैन ने कहा, “मुझे समझ नहीं आया कि क्या हो रहा था। मैं थोड़ा भ्रमित था। (प्रधानमंत्री) मोदी ने मेरा हाथ पकड़कर ऊपर उठा दिया और मुझे पता नहीं था कि हमें क्या करना है।’’
ऑल्टमैन वर्ष 2019 से अमेरिकी एआई शोध संगठन ओपनएआई के सीईओ हैं और उनके नेतृत्व में ही लोकप्रिय एआई टूल चैटजीपीटी को पेश किया गया। वहीं अमोडेई ने क्लॉड मॉडल के लिए मशहूर एआई कंपनी एंथ्रोपिक के सह-संस्थापक एवं सीईओ हैं।
वैसे, ऑल्टमैन एवं अमोडेई पहले एक ही कंपनी में साथ काम कर चुके हैं। वर्ष 2020 में अमोडेई ने अपनी बहन डेनिएला अमोडेई और कुछ अन्य वरिष्ठ शोधकर्ताओं के साथ ओपनएआई से अलग होकर एंथ्रोपिक की स्थापना की थी।
दोनों कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा समय के साथ व्यावसायिक स्तर पर तेज होती गई है। नवंबर, 2023 में ऑल्टमैन को ओपनएआई के सीईओ पद से हटाए जाने के बाद कंपनी के बोर्ड ने कथित तौर पर अमोडेई से संपर्क किया था लेकिन उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया था। हालांकि, कुछ दिन बाद ही ऑल्टमैन को दोबारा ओपनएआई का सीईओ बना दिया गया था।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


