ओपनएआई ने अमेरिकी बाजार नियामक के पास आईपीओ संबंधी दस्तावेज जमा किए

ओपनएआई ने अमेरिकी बाजार नियामक के पास आईपीओ संबंधी दस्तावेज जमा किए

ओपनएआई ने अमेरिकी बाजार नियामक के पास आईपीओ संबंधी दस्तावेज जमा किए
Modified Date: June 9, 2026 / 11:29 am IST
Published Date: June 9, 2026 11:29 am IST

सैन फ्रांसिस्को, नौ जून (एपी) कृत्रिम मेधा (एआई) मंच चैटजीपीटी का संचालन करने वाली अमेरिकी कंपनी ओपनएआई ने प्रारंभिक गोपनीय दस्तावेज अमेरिकी बाजार नियामक एसईसी के पास दाखिल कर दिए हैं, जिससे उसके सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध होने का रास्ता खुल सकता है।

यह कदम ऐसे समय में आया है जब एआई क्षेत्र की प्रमुख कंपनियां अमेरिकी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की दिशा में तेजी से आगे कदम बढ़ा रही हैं।

ओपनएआई ने सोमवार को एक बयान में कहा कि उसने अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (एसईसी) के पास गोपनीय प्रारंभिक कागजात दाखिल किए हैं। हालांकि कंपनी के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के समय को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

कंपनी ने कहा, “हमें लगता है कि यह सूचना लीक हो जाएगी, लिहाजा हम खुद ही इसकी जानकारी दे रहे हैं। हालांकि अभी हमने इसका समय तय नहीं किया है क्योंकि कुछ काम ऐसे हैं जिन्हें निजी कंपनी के रूप में करना कहीं आसान है। यह एक जटिल निर्णय है लेकिन इससे हमें यह विकल्प मिलता है कि अगर जरूरत पड़े तो हम जल्द सार्वजनिक हो सकें।”

ओपनएआई की प्रतिस्पर्धी कंपनी एंथ्रोपिक ने भी जून की शुरुआत में आईपीओ लाने से संबंधित संकेत दिए थे। इसी तरह एलन मस्क की अंतरिक्ष कंपनी स्पेसएक्स भी एआई-केंद्रित रणनीति के साथ संभावित सार्वजनिक सूचीबद्धता की तैयारी में है।

ओपनएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सैम ऑल्टमैन ने पिछले वर्ष आईपीओ को ‘सबसे संभावित रास्ता’ बताते हुए कहा था कि बड़े पैमाने पर एआई प्रौद्योगिकी विकसित करने के लिए भारी पूंजी की जरूरत है।

वर्ष 2015 में एक गैर-लाभकारी संगठन के रूप में शुरू हुई ओपनएआई अब लगभग 852 अरब अमेरिकी डॉलर के मूल्यांकन वाली कंपनी बन चुकी है।

ओपनएआई ने अभी तक अपनी कमाई या लाभप्रदता को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। कंपनी भारी कंप्यूटिंग लागतों के कारण नुकसान में चलने के बावजूद एंथ्रोपिक जैसी प्रतिस्पर्धी कंपनियों से मुकाबला कर रही है।

ऑल्टमैन ने अलग से जारी एक बयान में कहा कि कंपनी का लक्ष्य एक स्वचालित एआई शोधकर्ता विकसित करना, आर्थिक वृद्धि को तेज करना और हर व्यक्ति के लिए व्यक्तिगत कृत्रिम सामान्य मेधा (एजीआई) उपलब्ध कराना है।

एजीआई की कई तरह के कामों में इंसानों से बेहतर या उनके बराबर क्षमता होगी और वह हर व्यक्ति के लिए व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध होगा।

एपी प्रेम प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में