कर्जमाफी योजना के तहत महाराष्ट्र के किसानों के खातों में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक जमा: फडणवीस

Ads

कर्जमाफी योजना के तहत महाराष्ट्र के किसानों के खातों में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक जमा: फडणवीस

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 05:29 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 05:29 PM IST

मुंबई, सात अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार ने कृषि ऋण माफी योजना’ के तहत राशि जारी करना शुरू कर दिया है। आधार प्रमाणीकरण पूरा होने के बाद 6.22 लाख किसानों के बैंक खातों में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की कर्जमाफी राशि जमा कर दी गई है।

इस वर्ष शुरू की गई इस ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर कृषि ऋण माफी योजना के तहत पात्र किसानों के दो लाख रुपये तक के अल्पकालिक फसल ऋण माफ किए जा रहे हैं। योजना में वर्ष 2019 से 2025 के बीच लिए गए ऋण शामिल हैं।

फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा, ‘पहली सूची में करीब 16 लाख किसानों के नाम थे, जिसे जमीन के सत्यापन के लिए भेजा गया था। आधार प्रमाणीकरण के बाद करीब 6.22 लाख किसानों की पहली सूची अंतिम रूप से तैयार हुई और आज उनके बैंक खातों में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा कर दी गई।’

उन्होंने कहा कि जिन पात्र किसानों का आधार प्रमाणीकरण पूरा हो जाएगा, उन्हें तुरंत योजना का लाभ मिल जाएगा।

फडणवीस ने कहा, ‘हमारी तैयारियां पूरी हैं। यदि हमें एक दिन में प्रमाणित आंकड़े मिल जाते हैं, तो हम एक दिन में राशि हस्तांतरित कर सकते हैं। एकमात्र शर्त यह है कि हर किसान अपना आधार प्रमाणीकरण पूरा करे। एक बार वह हो जाने पर, प्रक्रिया स्वचालित हो जाती है और राशि जमा हो जाती है।’

राज्य में विपक्षी दल महायुति सरकार पर आरोप लगा रहे हैं कि पात्रता के कड़े नियमों और तकनीकी शर्तों के कारण संकटग्रस्त 50 प्रतिशत से अधिक किसानों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

भाषा योगेश रमण

रमण