रुपया दो पैसे की मामूली बढ़त के साथ 95.20 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया दो पैसे की मामूली बढ़त के साथ 95.20 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 04:22 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 04:22 PM IST

मुंबई, सात अगस्त (भाषा) रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे की मामूली बढ़त के साथ 95.20 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी बातचीत के नतीजों को लेकर अनिश्चितता से वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की धारणा के बीच रुपये में हल्की गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि ईरान और ओमान के बीच समझौते को लेकर अनिश्चितता तथा कच्चे तेल की कीमतों में हाल की तेजी से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.27 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.19 से 95.28 प्रति डॉलर के दायरे में रहा और अंत में दो पैसे की बढ़त के साथ 95.20 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

रुपया बृहस्पतिवार को 14 पैसे की गिरावट के साथ 95.22 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान और ओमान के बीच समझौते पर अनिश्चितता के कारण रुपये में हल्का नकारात्मक रुख रह सकता है। हालांकि, सप्ताहांत में इस संबंध में आने वाली किसी भी खबर से बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

उन्होंने कहा कि सकारात्मक घटनाक्रम रुपये को सहारा दे सकता है, जबकि इसके विपरीत स्थिति में दबाव बढ़ सकता है। निवेशकों की नजर अमेरिका के गैर-कृषि रोजगार आंकड़ों पर भी रहेगी।

उन्होंने अनुमान जताया कि डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 95 से 95.60 के दायरे में रह सकती है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.90 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.30 डॉलर प्रति बैरल रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 455.59 अंक टूटकर 78,499.17 अंक जबकि निफ्टी 65.35 अंक टूटकर 24,570.65 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध आधार पर 17.86 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

भाषा योगेश रमण

रमण