जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्री किसी कर्मचारी के बिना खुद जमा कर सकेंगे अपने बड़े बैग
जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्री किसी कर्मचारी के बिना खुद जमा कर सकेंगे अपने बड़े बैग
जयपुर, 28 सितंबर (भाषा) जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर यात्रियों के लिए ‘सेल्फ-बैगेज ड्रॉप’ काउंटर की सुविधा शुरू की गई है। इसके तहत यात्री किसी एयरलाइन कर्मचारी की मदद के बिना खुद अपने बड़े सामान पर टैग लगाकर उन्हें जमा कर सकेंगे। हवाई अड्डा प्रबंधन ने सोमवार को यह जानकारी दी।
हवाई अड्डा प्रबंधन ने टर्मिनल-2 पर चार हाइब्रिड सेल्फ-बैगेज ड्रॉप काउंटर शुरू किए हैं। प्रबंधन के अनुसार एयर इंडिया ने इस सुविधा का इस्तेमाल शुरू कर दिया है, जबकि इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी जल्द इसे शुरू करेंगी।
इस सुविधा के साथ जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राजस्थान का पहला हवाई अड्डा बन गया है, जहां यह प्रणाली उपलब्ध है।
हवाई अड्डा प्रबंधन ने बताया कि इन काउंटर का उपयोग यात्री स्वयं कर सकते हैं, और एयरलाइन कर्मचारियों की मदद भी ले सकते हैं। यात्रियों की संख्या और जरूरत के अनुसार काउंटरों का संचालन किया जाएगा।
हवाई अड्डा प्रबंधन के अनुसार, इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए यात्री को पहले हवाई अड्डे की कियोस्क मशीन से बोर्डिंग पास और बैगेज टैग लेना होगा। इसके बाद स्वचालित सामान जमा काउंटर पर बोर्डिंग पास स्कैन कर बैग पर टैग लगाकर उसे कन्वेयर बेल्ट पर रखना होगा। मशीन बैग के वजन और टैग की खुद जांच करेगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैग चला जाएगा और यात्री को रसीद मिल जाएगी।
यदि बैग का वजन निर्धारित सीमा से अधिक हुआ तो स्क्रीन पर अतिरिक्त शुल्क जमा करने या वजन कम करने का निर्देश मिलेगा। अतिरिक्त शुल्क के भुगतान के लिए यात्री एयरलाइन कर्मचारी की मदद ले सकते हैं।
भाषा बाकोलिया रवि कांत पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


