नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) सरकार ने चार महत्वपूर्ण खनिज मूल्य प्रसंस्करण पार्क स्थापित करने की अपनी योजना के लिए ओडिशा, गुजरात, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र को चुना है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
खान सचिव पीयूष गोयल ने ‘टिकाऊ भविष्य के लिए महत्वपूर्ण खनिज मूल्य श्रृंखला विकसित करने’ पर आयोजित एक संगोष्ठी में कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों के लिए एक प्रसंस्करण मूल्य श्रृंखला स्थापित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवेश के बिना इन खनिजों का उपयोग करना कठिन है।
गोयल ने कहा, ”भले ही हम घरेलू स्तर पर या विदेशों से महत्वपूर्ण खनिजों को पाने में सक्षम हों, लेकिन महत्वपूर्ण खनिजों के लिए प्रसंस्करण मूल्य श्रृंखला के बिना हम उनका उपयोग करने की स्थिति में नहीं होते हैं और फिर उनका (खनिज) निर्यात हो जाता है।”
अधिकारी ने बताया कि देश भर में चार प्रसंस्करण पार्क स्थापित करने के लिए राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज मिशन के तहत 500 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
गोयल ने कहा, ”मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमने इन पार्कों के स्थानों को अंतिम रूप दे दिया है। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गुजरात और ओडिशा की राज्य सरकारों के कार्यालयों के साथ 22 अप्रैल को हुई बैठक में हमने प्रक्रिया की समीक्षा की है। उम्मीद है कि बहुत जल्द इन राज्यों में ये प्रसंस्करण पार्क स्थापित हो जाएंगे।”
बाद में संवाददाताओं से बातचीत में गोयल ने कहा कि इन राज्यों की पहचान इसलिए की गई है, क्योंकि यहां बंदरगाह तक पहुंच उपलब्ध है।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण