(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को दुनिया भर के प्रमुख मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) के साथ कृत्रिम मेधा (एआई) को जिम्मेदारी के साथ विस्तार देने और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने पर सार्थक चर्चा की।
‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान आयोजित इस सीईओ गोलमेज बैठक में एआई, प्रौद्योगिकी और नवाचार जगत से जुड़े विभिन्न हितधारक शामिल हुए।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘चर्चा काफी सार्थक और दूरदर्शी रही, जिसमें एआई के जिम्मेदार विस्तार, वैश्विक सहयोग को मजबूत करने और विकास के अवसरों को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।’’
इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ का उद्घाटन किया।
बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए मोदी ने कहा, ‘मानव प्रगति और सतत विकास के लिए एआई के उपयोग के प्रति साझा प्रतिबद्धता देखना उत्साहजनक रहा।’
भाषा सुमित अजय
अजय