भोपाल। MP Political News: मध्यप्रदेश विधानसभा में ‘औकात’ वाली टिप्पणी को लेकर घमासान तेज हो गया है। भोपाल में मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि वे बिना प्रमाण के कोई बात नहीं करते। उन्होंने कहा कि अडानी की बात हो रही थी तो मिर्ची क्यों लग रही है? क्या भागीरथपुरा के मामले को डाइवर्ट करना चाहते हैं? जो मौतें हुई हैं, सिस्टम ने कितनी हत्याएं की हैं, क्या उससे ध्यान हटाया जा रहा है?” सिंघार ने मंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “उम्रदराज हैं कैलाश विजयवर्गीय, उन्हें अब पहलवानी नहीं करनी चाहिए। वरिष्ठ मंत्री जब इस प्रकार की भाषा का उपयोग करेंगे तो आप समझ सकते हैं कि उनकी मानसिक स्थिति क्या है।”
MP Political News: इस पूरे घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री द्वारा माफी मांगने के बाद कैलाश विजयवर्गीय का बयान भी सामने आया। सदन में नेता प्रतिपक्ष को ‘औकात में रहने’ की हिदायत देने वाले विजयवर्गीय ने मीडिया से कहा, “कई बार हो जाता है यार… बहुत सामान्य सी बात है… कभी-कभी गुस्सा आ जाता है। मुख्यमंत्री कप्तान हैं। मुख्यमंत्री ने यदि माफी मांग ली तो क्या हो गया?” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बहस और तेज हो गई है। विपक्ष इसे भाषा और मर्यादा का सवाल बता रहा है, जबकि सत्ता पक्ष इसे सामान्य राजनीतिक तकरार करार दे रहा है। फिलहाल ‘औकात’ टिप्पणी को लेकर प्रदेश की राजनीति में तल्खी बरकरार है और दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम नजर आ रहे हैं।
मंत्री की टिप्पणी से भड़के यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिवाजी नगर में पुतला दहन किया। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि 35 सरकारी हत्याओं के जिम्मेदार, आपराधिक मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष को “औकात में रहो” कहा है। इसे उन्होंने सत्ता के अहंकार की पराकाष्ठा बताया। पटवारी ने कहा कि मंत्री ने प्रदेश की 8 करोड़ जनता को औकात की गाली दी है। यह नरेंद्र मोदी के नए भारत का नया परिचय है। उन्होंने ऐलान किया कि प्रदेशभर में नरेंद्र मोदी और कैलाश विजयवर्गीय के पुतले जलाकर कांग्रेस विरोध दर्ज कराएगी।