Raipur Petrol Pump Fire / Image Source : IBC24
रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर सिगरेट पीने से मना करने पर एक युवक ने नोजल पाइप में लाइटर से आग लगा दी। इस हरकत से नोजल पाइप और बाइक की टंकी में आग भड़क उठी। पंपकर्मी की सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार , यह पूरी घटना बुधवार रात 8 बजे उरला के संगीता फ्यूल्स पेट्रोल पंप की है। धर्मेंद्र क्षत्री और इमरान बाइक पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। इमरान बाइक पर बैठा था और जैसे ही उसने टंकी खोली, पास खड़े धर्मेंद्र ने सिगरेट जलाने की कोशिश की। इमरान के धक्का देने पर नाराज होकर धर्मेंद्र ने पेट्रोल भरते समय नोजल पाइप में आग लगा दी। आग की लपटें उठते ही बदमाश युवक वहां खड़ा होकर देखता रहा और फिर भागा।
पंपकर्मी ने तुरंत गाड़ी से पाइप खींचा और मेन स्विच बंद कर पंप में मौजूद फायर फाइटिंग किट की मदद से आग बुझाई। इस दौरान जलता हुआ तेल आरोपी धर्मेंद्र पर भी जा गिरा। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों को पंपकर्मियों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पंप मैनेजर की शिकायत पर उरला पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक की करतूत साफ नजर आ रही है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।