नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) ईंधन संरक्षण और ऊर्जा सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूकता और सामूहिक कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आह्वान जिम्मेदार खपत और दीर्घकालिक स्थिरता के महत्व को दर्शाता है। महिंद्रा समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक अनीश शाह ने सोमवार को यह बात कही।
इस कदम का स्वागत करते हुए शाह ने कहा, ”भारत के लिए यह स्वच्छ और अधिक कुशल ऊर्जा प्रणालियों की ओर बदलाव को तेज करने का एक अवसर भी है।”
उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब दुनिया ऊर्जा के क्षेत्र में अस्थिरता का सामना कर रही है, ये उपाय जिम्मेदार उपभोग के महत्व को दर्शाते हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को नागरिकों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का उपयोग करने, कार साझा करने, इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ाने, सामान भेजने के लिए रेलवे सेवाओं का उपयोग करने और घर से काम करने जैसे सुझाव दिए थे।
प्रधानमंत्री ने यह अपील पश्चिम एशिया युद्ध के कारण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में आए व्यवधान के बीच देश के विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने के लिए की थी। साथ ही उन्होंने लोगों से एक साल के लिए सोने की खरीद और विदेश यात्रा को टालने का भी आग्रह किया था।
शाह ने कहा कि महिंद्रा समूह विद्युतीकरण को आगे बढ़ाने, नवीकरणीय ऊर्जा समाधानों में निवेश करने और जीवाश्म ईंधन (पेट्रोल, कोयला) पर निर्भरता कम करने वाले नवाचारों के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, ”हमारा मानना है कि सरकार, उद्योग और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही देश के लिए एक अधिक लचीला और ऊर्जा-सुरक्षित भविष्य बनाया जा सकता है।”
भाषा पाण्डेय रमण
रमण